






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 सितम्बर 2025। गुरू हंसोजी महाराज की पुण्यभूमि लिखमादेसर के मान-सम्मान को शिखर पर ले जाने वाला आयोजन लिखमादेसर खेल महोत्सव सीजन-2, ग्रामीण एकता के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। सोमवार देर रात तक हुए फाईनल मैचों में हजारों की संख्या में ग्रामीण दर्शकों के रूप में मौजूद रहे एवं हंसोजी महाराज के जयकारों के साथ जम कर हूटिंग करते नजर आए। आल्हादित करने वाले माहौल में महोत्सव के दौरान करीब दस दिनों तक क्रिकेट, बॉलीवाल, महिला कबड्डी, पुरूष कबड्डी, रस्साकस्सी एवं कुश्ती दंगल की प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। सोमवार रात को अतिथियों की मौजूदगी में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग मौजूद रहें। सिहाग ने ग्रामीण ओंलपिक के आयोजनों के बाद ग्रामीण युवाओं को मोबाईल की दुनिया से दूर कर शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयास को गांव लिखमादेसर द्वारा जिंदा रखे जाने की बात कही और आयोजन में सम्पूर्ण ग्रामीणों की एकता को देखते हुए हंसोजी महाराज की पुण्यभूमि को नमन किया। विशिष्ट अतिथि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने इस आयोजन से पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ने की बात कही एवं आयोजन में राज्य के विभिन्न जिलों सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश से भी खिलाड़ियों के शामिल होने से क्षेत्र के युवाओं को खेल-प्रेरणा मिलने की बात कही। समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार और बीकानेर प्रेस क्लब के महासचिव विशाल स्वामी ने खेल आयोजनों एवं खेल भावनाओं से ही आज के युवाओं को अपनी मिट्टी, अपने संस्कारों से जोड़े रखने वाला आयोजन बताया। स्वामी ने युवाओं को जीवन में समस्याओं के आगे हिम्मत हारने के बजाए खेलों से जीत की जिद सिख कर डटे रहने की बात कही। समापन समारोह में अतिथि रूप में सामाजिक कार्यकर्ता सिराजूद्दीन पंवार, मालासी पूर्व सरपंच राजपाल कुलहरी, कमांडो बीरबल मूंड, राजूनाथ सिद्ध नापासर, सिद्ध युवा महासभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवाननाथ कलवाणियां, रिद्धकरण सोनी आदि अतिथि रूप में मौजूद रहे।
ये बने विजेता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमादेसर खेल महोत्सव में क्रिकेट, महिला कबड्डी, पुरूष कबड्डी, कुश्ती दंगल के विजेता तो पहले ही हो चुके थे एवं सोमवार देर रात तक चले वॉलीवाल एवं रस्साकस्सी के मुकाबलों में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। खेल प्रभारी शंकर कलवाणियां, परमेश्वर झोरड़, राजूनाथ सिद्ध ने बताया रस्सा कस्सी में पहला सेमीफाईनल हंसोजी क्लब ने किसान क्लब को 2-0 से, दूसरे सेमीफाईनल में रामदेव क्लब लिखमादेसर ने रीड़ी को 2-1 से एवं फाईनल मुकाबले में हंसोजी क्लब ने रामदेव क्लब को सीधे दो सेटों में हरा कर खिताब अपने नाम किया। वहीं वॉलीवाल के पहले सेमीफाईनल में चेतन महादेव क्लब बीकानेर ने बीकानेर-7 को 21-10 से व दूसरे सेमीफाईनल में हँसोजी क्लब पंजाब ने हनुमानगढ़ को 21-18 से हराया। यह दूसरा सेमीफाईनल मैच पूरे मुकाबले का सबसे शानदार मैच रहा एवं करीब 3 घंटे तक यह रोमांचक मैच चला। इसके बाद हुए फाईनल मुकाबले में चेतन महादेव बीकानेर ने हंसोजी क्लब को हरा कर लिखमादेसर खेल महोत्सव ट्राफी पर कब्जा किया। चेतन महादेव क्लब के सिराजूद्दीन पंवार ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए प्रतिवर्ष आयोजन को और अधिक समृद्ध बनाने का आह्वान किया। इन खेलों के दौरान क्षेत्र की खेल संस्था हनुमान क्लब के वरिष्ठ खिलाड़ी रजनीश स्वामी, राजेन्द्र पांडिया, विनोद यादव, सीताराम पारीक, कृष्ण कडवासरा, महावीर शर्मा सहित गांव बेनीसर, रीड़ी व कई गांवों से खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए गांव लिखमादेसर की खेल भावना को सराहा।
युवा टीम का जताया आभार, बच्चों को मिली प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आयोजन के दौरान करीब 15 दिनों तक गांव लिखमादेसर के युवाओं की टोली ने सामूहिक रूप से रात-दिन एक कर आयोजन को सफल बनाया। गांव के अनेकों युवा कार्यकर्ता बन कर रात-दिन आयोजन के विभिन्न कार्यों को उत्साह के साथ निभाने में जुटे रहे। आयोजन के स्वागताध्यक्ष राधेश्याम सिद्ध ने पूरी युवा टीम का आभार जताते हुए उन सभी के लिए खुद को हमेशा एक आवाज पर तत्पर रहने का संकल्प लिया। विदित रहे कि आयोजन से पूर्व एक बारगी आयोजन स्थल को लेकर विवाद भी हुआ था एवं प्रशासन द्वारा दी गई लिखित अनुमति को रद्द भी प्रशासन द्वारा किया गया। इसके बाद आयोजन को लेकर विभिन्न आशंकाए भी हुई लेकिन गांव के युवाओं की सामुहिकता से आयोजन पूर्णतया सफल एवं शानदार रूप से पूर्ण हुआ।





