






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अप्रैल 2022। वार्ड 5 और 6 में गंदगी के अंबार लगे है और आज शाम हाई स्कूल रोड पर खुले चैंबर में एक बैल के गिर जाने से माहौल गर्मा गया। वार्ड 5 से नेता प्रतिपक्ष पति मनोज पारख मौके पर पहुंचे व पालिकाध्यक्ष को मौके पर आने के लिए कहा। तभी मौके पर वार्ड 35 के पार्षद रजत आसोपा व वार्ड 34 के पार्षद पवन उपाध्याय भी पहुंच गए। पारख ने पालिकाध्यक्ष पर फोन नहीं उठाने और मौके पर नहीं आने का आरोप लगाया वहीं भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष का पक्ष लेते हुए बताया कि बताया कि पारख ने घटना की जानकारी नहीं देते हुए केवल मौके पर आने के लिए अड़ गए तो पालिकाध्यक्ष किसी बैठक में व्यस्त थे और उन्होंने टीम को भेज दिया था। यहां बड़ी संख्या में नागरिक एकत्र हो गए और पार्षद प्रतिनिधि मनोज पारख ने पालिका ईओ को फोन किया। पारख ने बताया कि ईओ ने टीम भेजी है। जबकि यहां मौजूद भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष द्वारा टीम भेजे जाने की बात कही और इस पर दोनों पक्षों में तू तू मैं मैं हो गयी। पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष प्रातिनिधि द्वारा बेवजह माहौल बनाने की बात कही वहीं नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने वार्ड 5 व 6 के साथ जानबूझ कर खुनस निकालने का आरोप लगाया। पारख ने कहा कि वार्ड में कई जगह चैंबर खुले पड़े है जो खतरनाक साबित हो रहें है। यहां कचरा संग्रहण गाड़ियां नहीं आने से कचरा घर गलियों में फेंकना पड़ता है जिससे जगह जगह गंदगी के अंबार लग गए है। पारख ने बुधवार सुबह पालिका जाकर अध्यक्ष का घेराव करने की बात कही है। वार्ड 6 निवासी असगर अली ने बताया कि वार्ड की स्थिति बदतर है और गंदगी के अंबार लग गए है। पालिका एसआई हरीश गुर्जर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर टीम के साथ मौके पर गए और बैल को पालिका की गाड़ी से जेतासर गौशाला पहुंचाया गया है।






