






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 नवम्बर 2025। सर्दियां शुरू होने के साथ ही बाहरी क्षेत्रों से चोरों का क्षेत्र में आकर वारदातों को अंजाम देने के प्रयास भी शुरू हो गए है। ऐसे ही प्रयास में तीन अज्ञात चोरों ने गुरूवार रात को क्षेत्र के गांव सूडसर के बाजार में जम कर धमा-चौकड़ी मचाई एवं ग्रामीणों-पुलिस के साथ लूका-छीपी खेली। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन चोर ट्रेन से सूड़सर स्टेशन पर उतरे एवं रात ढ़लने पर गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए निकल पड़े। चोरों ने चोरी का प्रयास किया उससे पहले ही ग्रामीणों को जाग हो गई एवं ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। इस पर सूचना मिलने के साथ ही एएसआई पूर्णमल की अगुवाई में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई एवं ग्रामीणों व पुलिस ने इन चोरों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान चोरों के रेलवे पटरी पटरी श्रीडूंगरगढ़ की और भागने का अंदेशा हुआ तो पुलिस जवानों ने भी रेलवे पटरियों पर दौड़ लगा दी। रात भर में पुलिस जवान सूडसर से श्रीडूंगरगढ़ तक करीब 22 किलोमीटर की दौड़ रेलवे पटरियों पर लगा दी एवं श्रीडूंगरगढ़ की और से श्रीडूंगरगढ़ थाने के जवान भी पटरियों पर दौड़े। पुलिस ने सूडसर सहित गांव दुलचासर, बेनीसर, हेमासर आदि गांवों के जागरूक ग्रामीणों को भी सूचना दी एवं ग्रामीणों ने भी अपने अपने स्तर पर चोरों को पकड़ने के लिए मोर्चे बांध लिए, लेकिन बड़ी सफलता नहीं मिली। हालांकि मौके पर से राजस्थान के आबू रोड़ निवासी एक युवक को संदिग्ध मानते हुए पकड़ा है एवं दो अन्य भागने में कामयाब हो गए। पकड़े गए युवक ने पुलिस को बताया कि वे तीन जने महेन्द्र गढ़ से ट्रेन में आए थे। पुलिस संदिग्ध युवक से पूछताछ़ कर रही है। विदित रहे कि सर्दियां बढ़ने के साथ ही चोरों के हमले क्षेत्र में शुरू हो गए है। दो दिन पहले भी गांव सोनियासर में अज्ञात चोरों ने दस से अधिक घरों में चोरी का प्रयास किया था एवं ग्रामीणों को जाग होने पर वह भाग छूटे। भागते हुए चोर अपनी मोटरसाईकिल भी वहीं गिरा गए थे एवं ग्रामीणों ने इन चोरों की बाईक भी जब्त कर ली थी।



