






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे का ताल मैदान, नवरात्रा के मौके पर राजस्थान मेगा ट्रेड फेयर के लिए सज गया है। इस मेले का इंतजार क्षेत्रवासियों को वर्ष भर रहता है। मेले में सजे झूलों का रोमांच लेने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मेले में पहुंचते है। मेला आयोजक एवं विप्र फांउडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि क्षेत्रवासियों के मनोरंजन एवं नवरात्रा त्योंहार को उल्लास के साथ परिवार सहित मनाने के लिए आयोजित इस मेले का उद्घाटन आज गुरूवार शाम को 5 बजे होगा। मेले का उद्घाटन श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा, तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा, ईओ अविनाश शर्मा व राउमावि प्राचार्य डॉ. मनीष सैनी गणेश पूजन कर फीता काट कर करेगें। मेले में इस बार मनोरंजक ड्रेगर ट्रेन, रोमांचक कोलंबस नाव, आसमान छूता गोल झूला सहित बच्चों के लिए अनेकों छोटे झूले लगाए गए है। साथ ही इस बार विशेष फूड जॉन में भोलेनाथ कैंटीन की स्टॉलें लगाई गई है। जिसमें मेले में आने वाले परिवारों को पाव भाजी, चाऊमीन, बर्गर, पिज्जा, डोसा, सैंडविच आदि व्यंजन उपलब्ध रहेगें। इनके अतिरिक्त फूड जोन में बोम्बे भेल, जयपुरी आईसक्रीम, बर्फ का गोला आदि भी उपलब्ध रहेगें। इसी के साथ मेले में घरेलू सामान, अनेक उपयोगी वस्तुएं, कपड़े आदि की दुकानें भी सज चुकी है। जिन पर खरीददारी का आनंद भी नागरिक ले सकेगें।




