






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 दिसंबर 2023। रविवार सुबह 8 बजे विधानसभा चुनाव की मतगणना बीकानेर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रारंभ होगी। सभी प्रत्याशी व उनके एजेंट के पहचान पत्र बना दिए गए है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने गाइडलाइन जारी कर कल 3 दिसंबर को सूखा दिवस घोषित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि मतगणना के समय और मतगणना के बाद व चुनाव परिणाम के पश्चात विजय जुलूस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। आदेशों की अवहेलना या उल्लंघन किए जाने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दंडनीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी और पहले पोस्टल बैलट की गिनती की 8 बजे से की जायेगी। इसके पश्चात 8.30 बजे से ईवीएम मतगणना प्रारंभ होगी। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक विधानसभा के लिए मतगणना हेतु दो-दो हॉल बनाए गए हैं। कोलायत विधानसभा क्षेत्र के लिए ईवीएम गणना हेतु 12 टेबल तथा शेष अन्य विधानसभा क्षेत्र के लिए 11- 11 टेबल लगाकर ईवीएम मतगणना करवाई जाएगी। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय भवन के भूतल पर बीकानेर पश्चिम, बीकानेर पूर्व विधानसभा के लिए तथा कोलायत, लूणकरणसर , श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला तथा नोखा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना महाविद्यालय के प्रथम तल पर संपादित करवाई जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी तथा सहायक रिटर्निग अधिकारी की उपस्थिति में मतगणना करवाई होगी। ईटीपीबीएस तथा पोस्टल बैलट की गणना रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में की जाएगी। इसके लिए तीन टेबल अलग से लगाईं गई है।
किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने शनिवार को पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में मतगणना स्थल में समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है और सुरक्षा की विशेष इंतजाम किए गए हैं। आमजन को परेशानी ना हो इसके ट्रैफिक पुलिस को विशेष व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।



