






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मार्च 2023। बैंड पर बजते बाबा खाटू श्याम के भजन, पुष्पवर्षा करते नगरवासी, जयकारे लगाते श्रृद्धालू और हर कोई श्रृद्धावनत, यह देखने को मिला शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ के उत्तरी छोर स्थित श्याम धोरा मंदिर से रवाना होकर खाटू श्यामजी तक रवाना की गई डाक ध्वजा की रवानगी के मौके पर। श्रृद्धालूओं द्वारा सामूहिक रूप से आयोजित की जा रही इस डाक ध्वजा यात्रा में 200 से अधिक युवाओं की टोली शामिल है जो कि 15 घंटे में बिना रूके लगातार दौड़ते हुए 170 किलोमीटर की दूरी तय करेगें। डाक ध्वजा की रवानगी के मौके पर पंडित देवीलाल उपाध्याय ने विशेष पूजन करवाया एवं सरदारशहर से खाटू तक दंडवत यात्रा करने वाले श्रृद्धालू का अभिनंदन किया गया। गाजे बाजे एवं जयकारों के साथ रवाना हुई यात्रा श्याम धोरा से घास मंडी, रानी बाजार, माताजी मंदिर आडसर बास, हनुमान क्लब, खाटू श्याम मदिर आडसर बास, भैंरूजी मंदिर, गांधी पार्क, चिकित्सालय के पास स्थित रामदेवजी मंदिर होते हुए घूमचक्कर तक जूलूस के रूप में पहुंची। यहां से दौड़ शुरू हुई एवं सभी जातरू अपनी अपनी बारी से ध्वजा को हाथ में लिए दौड़ लगाते दिखे। विदित रहे कि ध्वजा के साथ श्रृद्धालूओं की अपनी अपनी मन्नतों की डाक बांधी गई है जो कि ध्वजा के साथ खाटू श्याम के चरणों में पहुंचाई जाएगी। यात्रा की रवानगी से पहले युवा जम कर नाचे एवं जयकारे लगाए। सरदारशहर रोड़ बिल्डिंग मैटेरियल एसोसीएशन द्वारा झंवर बस स्टैण्ड़ पर पुष्पवर्षा कर जातरूओं का अभिनंदन किया गया। https://fb.watch/jj-aCpoXfk/?mibextid=RUbZ1f







