






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 मई 2024। मई की गर्मी क्षेत्र की धरती को तपा रही है और नागरिकों सहित पशु पक्षियों में गर्मी की व्याकुलता नजर आ रही है। गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट के बाद 22 से 25 मई तक रेड अलर्ट जारी कर दिया है। सरकार ने पेयजल व बिजली की व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को सख्त निर्देश दिए है। सीएम भजनलाल ने जनहित में हेल्पलाइन नबंर जारी कर पेयजल समस्याओं का तुरंत निस्तारण करने का आदेश दिया है। पेयजल संबंधी समस्या के लिए विभाग के स्टेट कंट्रोल रूम 0141-2203000 पर तथा बिजली समस्याओं के लिए 18001806507 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल में की तैयारियां, लू तापघात का मरीज नहीं, प्रभारी ने की अपील।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गर्मी के रेड अर्लट व सरकारी आदेशों के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल में प्रभारी डॉ एसके बिहाणी ने सभी कार्मिकों को अलर्ट कर दिया है। महिला व पुरूष वार्डों में एसी कूलर चला पहले से ही चल रहें है। पानी के लिए वाटर कूलर सहित निजी जल सेवा भी अस्पताल में सुचारू चल रही है। बिहाणी ने बताया कि वार्ड में 5 बेड लू तापघात के मरीज के लिए आरक्षित कर दिए गए है। बता देवें भीषण गर्मी की खबरें प्रमुखता से सोशल मीडिया पर छाई हुई है परंतु सुख:द है कि अभी तक श्रीडूंगरगढ़ में लू तापघात का एक भी मरीज नहीं आया है। डॉ बिहाणी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि धूप के पीक अवर्स दोपहर 11 से 4 बजे के बीच में लोग ठंडे स्थानों पर ही रहें। जरूरी कार्य बिना घर से बाहर नहीं जावें और बाहर निकले तो ढीले वस्त्र पहने, पूरे तन को ढकें, सिर भी ढक कर रखें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को चक्कर आने, सरदर्द होने, जी घबराने, अचानक अधिक पसीना आने, उल्टी दस्त होने पर तुरंत डॉक्टरी सलाह लेवें ताकि मर्ज को तुरंत कंट्रोल किया जा सकें। उन्होंने बताया कि अस्पताल के सभी डॉक्टर व नर्सिंग कर्मी गर्मी अलर्ट को लेकर तैयार है। बता देवें हर घर में इमली, कैरी, नींबू पानी, बील, छाछ राबड़ी के सहारे लोग गर्मी से जूझ रहें है।



