May 20, 2026
00-25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 नवंबर 2021। मरुधर मित्र परिषद मुंबई के अध्यक्ष पद पर श्रीडूंगरगढ़ निवासी व गोरेगांव प्रवासी अशोक सिंघी ने विजय हासिल की। सिंघी ने राजलदेसर निवासी व कालबादेवी प्रवासी कुलदीप बैद को 16 मतों से पराजित किया। बता देवें मुंबई में निवास कर रहे मरुभूमि वासियों की सबसे बड़ी संस्था मरुधर मित्र परिषद के चुनाव हाल ही में सम्पन्न हुए। परिषद् के चुनाव को लेकर मुंबई सहित देशभर में बैठी थळी क्षेत्र की लॉबी सक्रिय थी। 1200 सदस्यों की परिषद में पचास प्रतिशत से अधिक की कास्टिंग हुई। कुल 686 वोट पड़े, जिनमें 351 वोट अशोक सिंघी के पक्ष में पड़े, जबकि कुलदीप बैद को 335 वोट ही मिले। हालांकि पराजित पक्ष की तरफ से लंबे समय से चुनावी रणनीति तैयार की जा रही थी। चुनाव नजदीक आने तक कुलदीप बैद की जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी। मगर मरुधर मित्रों ने अशोक सिंघी पर विश्वास जताया व चुनाव के वक्त बाजी पलट दी। अशोक सिंघी की यह जीत बड़ी जीत मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि मरुधर मित्र परिषद् मुंबई में रह रहे थळी क्षेत्र के तेरापंथी मित्रों की सामाजिक संस्था है।