






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 जून 2020। श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी स्थित सर्मथन मुल्य के खरीद केन्द्र पर अपनि उपज लेकर आये100 से अधिक किसानों की उपज तुलवाई नहीं होने से खासा हंगामा हुआ। शनिवार को तुलवाई में अवकाश के बाद भी करीब 100 से अधिक किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच गए लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। दिन भर खरीद एंजेसी के कार्मिकों ने किसानों से अवकाश होने एवं खरीद केन्द्र पर पूर्व में की गई खरीद का उठाव नहीं होने के कारण जगह नहीं होने की समझाईश करते रहे। लेकिन किसान शाम तक अपने अपने प्रयास करते रहे, तुलवाई नहीं होने पर शाम पांच बजे माहौल तनावपूर्ण हो गया और किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों ने इस संबध में विधायक गिरधारी लाल महिया को जानकारी दी तो महिया ने भी राजफैड के अधिकारियों से वार्ता कर किसानों के आक्रोश से अवगत करवाया। महिया ने कोरोना के कारण किसानों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए मानवीय आधार पर किसानों की तुलवाई को प्राथमिकता देने की मांग की। लेकिन शनिवार को तुलवाई नहीं हो पाई। खरीद एंजेसी द्वारा किसानों को सोमवार को सूचना के बाद ही आने को कहा गया है। महिया ने इस संबध में रोष जताते हुए कृषि मंत्री को पत्र भेजा है। महिया ने पत्र में ग्राम स्तर पर स्वीकृत केंद्र एवं श्रीडूंगरगढ़ मण्डी में खरीद क्षमता बढ़ाने, नियमित गाड़ियों की भराई करवाकर वेयर हाउस में गाडियां खाली करवाने की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करवाने की मांग की है। विदित रहे कि गांव मोमासर में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद वहां का खरीद केन्द्र कर्फ्यु क्षेत्र में आ गया है एवं श्रीडूंगरगढ़ केन्द्र पर ही मोमासर के किसानों को भी बुलाया जा रहा है। इसके अलावा भी ग्रामीण क्षेत्रों के खरीद केन्द्रों में प्रतिदिन दिए जाने वाले लक्ष्य से कहीं कम खरीद हो रही है व वहां के किसान भी श्रीडूंगरगढ़ ही पहुंच रहे है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ खरीद केन्द्र में स्थान एवं संसाधन दोनो ही कम पड़ रहे है।





