






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितबंर 2023। एक ओर चुनाव नजदीक आ रहें है और दूसरी ओर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में आमजन पानी, बिजली के साथ अपने घर का पट्टा हासिल करने के लिए परेशान है। नगरपालिका के सामने चार दिन से पट्टा बनाने की मांग को लेकर धरना जारी है वहीं गांव माणकरासर में किसान पूरी बिजली के लिए संघर्षरत है। आज धीरदेसर पुरोहितान के किसानों ने पूरी बिजली के लिए जीएसएस पहुंच कर क्षेत्रीय नेताओं को अपनी शिकायत दर्ज करवाई वहीं कांग्रेसी नेता तुलसीराम चौरड़िया ने सीएम को पत्र लिखकर क्षेत्र की पेयजलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है। वार्ड 23 व 30 के नागरिक आज पेयजल के लिए विभाग को पाबंद करवाने की मांग लेकर कोर्ट पहुंचे। आप ये धरना प्रदर्शन की ये खबरें पढ़ें एकसाथ एक नजर में और देखें फोटो।
पट्टा देने की मांग को लेकर चौथे दिन भी धरने पर बैठे रहें नागरिक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिका भवन के सामने अनेक नागरिक रात दिन धरना दे रहें है और ये नागरिक प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत सभी वंचितों को पट्टा देने की मांग कर रहें है। धरने पर बैठे गौरव टाडा ने बताया कि आज चौथे दिन प्रशासन के साथ कोई वार्ता नहीं हुई है। टाडा ने कहा कि प्रशासन द्वारा जब तक पट्टे जारी करने के बारे में कोई पुख्ता आश्वासन नहीं दिया जाएगा तब तक नागरिक धरने से नहीं हटेंगे। आज धरनास्थल पर भंवरलाल प्रजापत, रोहिताश सारण, गोपी पुनिया, अलिशेर काजी, सोकत अली, अकबर खान, जाकिर धोबी, अजीज अली, कालू छींपा सहित अनेक युवा मौजूद रहें।

माणकरासर में किसान कर रहें पूरी बिजली के लिए संघर्ष, धीरदेसर पुरोहितान में जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव माणकरासर के 132 केवी जीएसएस के बाहर किसान चार दिनों से पूरी बिजली के धरना देकर प्रदर्शन कर रहें है। आज ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल बीकानेर मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे व जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलने पर विभाग के बाहरी गेट पर ज्ञापन चस्पा कर दिया। भाजपा के मांगीलाल गोदारा ने बताया कि पूरी बिजली के लिए किसान बुरी तरह से परेशान है और आज बंबलू, कतरियासर व माणकरासर के किसान बीकानेर मुख्य अभियंता के कार्यालय पहुंचे। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किसान किसी जिम्मेदार अधिकारी से वार्ता के लिए इंतजार करते रहें। परंतु अधिकारियों के नहीं मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए सांकेतिक रूप से विभाग का गेट बंद कर ज्ञापन चस्पा किया। इस दौरान दौलतराम कुकणा, बद्रीराम, भंवरनाथ, अर्जन राम, भागुनाथ, गिरधारी लाल कुकणा, रामकुमार नाथ सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहें। आज क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान में भी पूरी बिजली नहीं मिलने की शिकायत के साथ किसान जीएसएस पर एकत्र हो गए। किसानों ने यहां प्रदर्शन की रणनीति बनाने पर चर्चा की व क्षेत्रीय नेताओं को फोन कर बिजली दिलवाने की मांग की।


सीएम को लिखा पत्र, पेयजल व्यवस्था दुरस्त करने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेसी नेता तुलसीराम चौरड़िया ने सीएम अशोक गहलोत को पत्र लिखकर क्षेत्र की पेयजल समस्याओं के समाधान की मांग की। चौरड़िया ने पत्र में बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जनता पानी के लिए त्राही त्राही कर रही है और मुख्यमंत्री त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग को व्यवस्था सुधार के लिए निर्देश देकर जनता को राहत दिलवाए। चौरड़िया ने कहा कि नागरिक टैंकरो से मंहगा पानी खरीद कर परेशान हो गए है और अनेक नागरिक पानी के लिए धरना प्रदर्शन कर रहें है। उन्होने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए।
पानी के लिए पहुंचे कोर्ट, मांगा पेयजल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे में पेयजलापूर्ति नहीं होने की शिकायतें प्रशासनिक स्तर पर पहुंचाने के बाद अब नागरिक कोर्ट की शरण में पहुंच गए है। आज वार्ड 23 व 30 के नागरिक पार्षद रामसिंह जागीरदार व पूर्व पार्षद मूलचंद स्वामी की अगुवाई में जलदाय विभाग पहुंचे व प्रदर्शन किया। यहां से असंतुष्ट नागरिक न्यायालय परिसर पहुंचे व न्यायालय में वाद दायर कर दोनों वार्डों में पेयजलापूर्ति को सुचारू करने की गुहार लगाई। नागरिकों ने कोर्ट से विभाग को पाबंद कर पेयजल दिलवाने की मांग की। इस दौरान जगदीश तिवाड़ी, विनोद शर्मा, पवन कुमार सिखवाल, बजरंग सिंह, हरिप्रसाद प्रजापत, रौनक सारस्वत, किशोर माली, राणा सिंह राजपुरोहित, प्रेम सिखवाल,ओमप्रकाश भार्गव, सीताराम स्वामी, ओमप्रकाश प्रजापत, लालचंद नाई सहित अनेक नागरिक शामिल हुए। बता देवें इससे पूर्व भी वार्ड 2 के निवासी शिवभगवान मालपाणी ने भी कोर्ट के माध्यम से विभाग को पाबंद करवाया था।





