






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जुलाई 2024। नारी शक्ति जिंदाबाद, इंकलाब जिंदाबाद, आशाओं का शोषण बंद करो, के नारों से मंगलवार को उपखंड कार्यालय परिसर गूंज उठा। यहां आशा सहयोगिनी संघ की सभी महिलाओं ने अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के बैनर तले नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आशाओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने, न्यूनतम मानदेय 18 हजार देने, वेतन समय पर भुगतान करने, ऑनलाइन कार्य कार्यालयों में करवाने की मांग की। सदस्यों ने उपखंड अधिकारी उमा मित्तल को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया। प्रदर्शन में समिति की प्रदेश महासचिव सीमा जैन ने सरकार द्वारा अल्प मानदेय पर अत्यधिक कार्य करवा कर इनका शोषण बंद करने की बात कही। जैन ने कहा कि पूरे देश में आंदोलन की रणनीति बनाकर सक्षम अधिकारियों का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारी नेता सोहन गोदारा ने सभी मानदेय कार्मिकों को संगठित कर शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशिक्षण देकर आंदोलन करने की बात कही। संघ की अध्यक्ष उर्मिला व सचिव अन्नपूर्णा ने कहा कि संगठन के बलबुते ही अपना हक ले सकेंगे। सभी ने एकस्वर में आंदोलन को तेज करने की घोषणा की। इस दौरान आजाद हिंद फौज की कैप्टन लक्ष्मी सहगल की पुण्यतिथि पर उन्हें याद कर श्रद्धाजंलि दी गई।







