






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान में कोयले के संकट को देखते हुए पिछले कुछ दिनों से ग्रामीण और शहरी इलाकों में विद्युत की कटौती काफी बार की जा रही है। शहरों में जहां दिन में कई बार बिजली की कटौती हो रही है वहीं गांवों में दिन के साथ शाम के समय भी बिजली की कटौती से ग्रामीण लोग काफी परेशान है। शहर की तुलना में ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादा कटौती होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। वरिष्ठ एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ ने लोक समता समिति के बैनर तले मुख्यमंत्री के नाम रोष जाहिर करते हुए पत्र में लिखा कि ग्रामीण जनता की कीमत शहरी जनता से कम है क्या? वहीं स्टेट हाइवे पर भादासर के ग्रामीणों ने जाम लगा दिया । ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि ग्रामीण जनता भी तो शहरी जनता की तरह प्रदेश के ही नागरिक है , फिर उन्हें बिजली से वंचित क्यों रखा जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में नवरात्र के समय शाम के वक्त पूजा अर्चना आदि कार्य के साथ भोजन आदि बनाने के कार्य बिजली कटौती के कारण काफी कष्टपूर्ण हो जाता है।




