






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जून 2024। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने गुरूवार को गांव ठुकरियासर में रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने स्टेट हाइवे पर स्पीड बेरिकेट्स लगवाने, पेयजल समस्याओं का समाधान करवाने, बिजली के ढीले तार कसवाने, एलटी पोल लगवाने की मांग की और जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बीच सत्र में सरकारी स्कूल से शिक्षकों के ट्रांसफर नहीं करने की मांग की। उन्होंने कहा इससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकुल प्रभाव पड़ता है। ग्रामीणों ने नरेगा में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने, गांव में शराब का ठेका बंद करवाने, आयुर्वैदिक हॉस्पिटल बनवाने, गत वर्ष की खरीफ फसल के खराबे का क्लेम दिलवाने की मांग रखी। जिन पर जिला कलेक्टर ने सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पानी की टंकी का निरीक्षण किया व जलदाय विभाग को लताड़ते हुए साफ सफाई रखने के आदेश दिए। चौपाल में उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, तहसीलदार राजवीरसिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। सरपंच अमराराम गांधी की अगुवाई में चौपाल की सभी व्यवस्थाएं की गई व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें।







