






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 नवंबर 2025। विशेष गहन पुनरीक्षण में श्रेष्ठ कार्य करने वाले तीन बीएलओ और दो सुपरवाइजर को प्रतिदिन क्षेत्र में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। ये प्रेरणा देते हुए उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने मंगलवार को तीन बीएलओ को सम्मानित करते हुए कार्यक्रम प्रारंभ किया। शर्मा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलओ द्वारा घर-घर गणना प्रपत्र वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन कार्य किया जा रहा है। जिसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। शर्मा ने मंगलवार को गांव झंझेउ, गोपालसर और सांवतसर में बीएलओ के कार्य का निरीक्षण किया और गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन में श्रेष्ठ कार्य करने वाले बीएलओ भाग संख्या 15 गोपालसर के बीएलओ ललित कुमार शर्मा अध्यापक राउमावि दुलचासर, भाग संख्या 17 झंझेऊ के बीएलओ रणजीतसिंह कृषि पर्यवेक्षक जोधासर और भाग संख्या 120 सांवतसर के बीएलओ सुशील कुमार बिश्नोई वरिष्ठ अध्यापक राउमावि सांवतसर का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया। शर्मा ने इनके कार्य को सभी बीएलओ के लिए प्रेरक एवं मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि गणना चरण 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा। जिसमें सभी मतदाता अपना गणना फार्म भरकर बीएलओ को जमा करवाएं। इसके साथ ही उन्होंने युवा मतदाताओं से विशेष रूप से जागरूक होकर अपना और अपने परिवार के मतदाताओं का गणना प्रपत्र भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल Voters.eci.gov.in से ऑनलाइन घर बैठकर भरने की बात कही है। नायब तहसीलदार रमेश सिंह चौहान ने सभी बीएलओ को गणना प्रपत्र ऑनलाइन करने के कार्य में गति देने का आह्वान किया।






