May 20, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 सितंबर 2024। जिले भर में बीते दिन 6 हादसों में 6 जनों ने अपनी जान गवांई है। मृतकों के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा मर्ग रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आप भी पढें सभी खबरें एकसाथ
बेहोश विवाहिता की अस्पताल में हुई मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटगेट थाने में खान कॉलोनी निवासी मोहम्मद पुत्र दिवंगत यासीन खान ने पुलिस को बताया कि उसकी 26 वर्षीय पुत्री जाफरीन का दो वर्ष पूर्व फड़बाजार निवासी मोहम्मद सबीर के साथ शादी हुई थी। वह राजीखुशी अपने ससुराल में रहती थी। 30 अगस्त को जाफरीन के बेहोश होने पर ससुराल पक्ष के परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां 1 सितंबर की शाम को ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मर्ग की जांच उपखंड अधिकारी बीकानेर द्वारा की जाएगी।
चुहे मारने की दवा खा लेने से 18 वर्षीय युवती की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाना क्षेत्र के गांव जेगला निवासी हनुमानराम पुत्र सोहनलाल विश्नोई ने पुलिस को बताया कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री ने 28 अगस्त को भूल से खांसी की दवा समझ कर चूहे मारने वाली दवा पी ली। जिससे उसकी तबियत खराब होने लगी तो परिजन उसे देशनोक अस्पताल ले गए जहां से बीकानेर लाकर भर्ती करवाया। ईलाज के दौरान सोमवार को युवती की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच कार्यवाहक थानाधिकारी बुधाराम को दी है।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जेएनवीसी थाने में कायम नगर निवासी महबूब ने पुलिस को बताया कि उसका 26 वर्षीय पुत्र अकरम सोमवार सुबह 8 बजे काम करने के लिए घर से निकला था। जिसकी 6 नबंर फाटक के पास पवनपुरी में करीब 10.30 बजे ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रोहिताश को दी गई है।
पानी की कुंड में डूबने से एक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जसरासर थाना क्षेत्र के गांव उडसर निवासी दिलीप कुमार विश्नोई ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसका भाई 47 वर्षीय नरसीराम पुत्र भल्लूराम की सोमवार सुबह करीब 9 बजे पानी की कुंड में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया व मर्ग दर्ज कर जांच एसआई संदीप कुमार को सौंप दी।
एक अज्ञात की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देशनोक थाना क्षेत्र में देशनोक व पलाना के बीच रेलवे पटरी के पास एक अज्ञात का शव मिला। शव सीएचसी देशनोक में रखवाया गया है। पुलिस मर्ग दर्ज कर जांच एसआई सुमन शेखावत को दे दी गई है।
तबियत बिगड़ने से युवक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छतरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कंकराला निवासी मुकेश पुत्र जेठाराम ने पुलिस को बताया कि उसके 32 वर्षीय भाई लिखमाराम पुत्र जेठाराम की अचानक तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां ईलाज के दौरान सोमवार को दोपहर 11.30 बजे युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया।