August 29, 2026
crime

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितंबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के विशेष कॉलम क्राइम फाइल में पढें जिले भर के सभी थानों में दर्ज अपराधों के प्रकरण की पूरी खबर और रहें सतर्क व सावधान।
पड़ोसी आपस में भिड़े, परस्पर मामले दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाने में प्रताप बस्ती निवासी रामस्वरूप पुत्र भंवरलाल वाल्मीकि व रवि पुत्र राजू जावा ने परस्पर एक दूसरे के खिलाफ मामले दर्ज करवाए है। परिवादी 51 वर्षीय रामस्वरूप ने पुलिस को बताया कि रविवार को दोपहर 1.30 बजे वह सब्जी लेकर अपने घर जा रहा था। उसके घर पड़ोसी ने अपनी छत पर से परिवादी के ऊपर पानी डाल दिया। इस बात का ओलमा देने से नाराज होकर परिवादी के साथ राजू जावा और उसके बेटे रवि, संजय, गोपाल व सुखदेव ने मारपीट की। आरोपियों ने लाठी से उसके सिर पर वार किया जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामफलसिंह को सौंप दी। इसी प्रकरण में प्रताप बस्ती निवासी रवि पुत्र राजू जावा ने रामस्वरूप व उसके पुत्र मिथुन, किशोर व धनराज पुत्र भंवरलाल व दो तीन अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे आरोपी शराब पीकर उसके घर में घुसे और गाली गलौच करते हुए मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामफल सिंह को दी है।
घर में घुसे चोर, ले गए गहनों सहित नगदी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चोरी की वारदातें जिले भर में लगातार सामने आ रही है। जेएनवीसी थाने में वैष्णोविहार निवासी 25 वर्षीय गोपीराम पुत्र राजेंद्र कुमार कुम्हार ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 2 सितंबर को रात करीब सवा दो बजे परिवादी के घर अज्ञात चोर घुसे। चोरों ने 8 चांदी के कड़े व 4 सोने की अंगूठियां, 1 बलसरी, मंगलसूत्र, गले का हार, तीस हजार नगदी चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल राजवीर को दी है।
ट्रक चालक के खिलाफ मोटरसाइकिल को टक्कर मारने का मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीछवाल थाने में जलालसर वार्ड 13 निवासी अकबर शाह पुत्र अहमद शाह ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि वह और उसका भतीजा अकरम शाह 6 सितंबर को सवा तीन बजे जामसर से बीकानेर आ रहे थे। फिल्टर प्लांट के पास सामने आ रहें ट्रक चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाकर उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे उसे अंदरूनी चोटें आई व उसका भतीजा गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार को सौंप दी है।
ट्रेवर्ल्स के प्रोपराइटर के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गंगाशहर थाने में दस्सानियों का चौक निवासी मोनिका देवी तातेड़ पत्नी राजकुमार तातेड़ ने मांगीलाल विश्नोई के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि सालासर ट्रेवल्स के प्रोपराइटर को कई बार आरोपी ने अपने पार्सल के बाबत तकादा किया है। आरोपी ने कहा कि पार्सल में कुल 67,590 रूपए का माल है। फर्म के प्रोपराइटर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच एएसआई लाभूराम को दी है।
युवक का अपहरण करने का प्रयास, मांगी फिरौती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नाल थाना क्षेत्र में राठौड़ कन्स्ट्रक्शन कंपनी में सुपरवाईजर के पद पर कार्यरत 20 वर्षीय गुफरान पुत्र जुनैद राठौड़ ने जयमलसर निवासी जुगल मीणा के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 3 जुलाई 2024 को रात करीब 12 बजे आरोपी सहित चार पांच जनों ने उसका अपहरण कर कैंपर गाड़ी लेकर भाग जाना चाहते थे। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी व हथियार दिखाकर रूपए मांगे। रूपए देने के एवज में जान बख्शने की बात कही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुभाष चंद को दी है।
एकराय होकर रोका रास्ता, गाड़ी तोड़ी छीन ली नगदी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नापासर थाना क्षेत्र के गांव गुसाईंसर निवासी 23 वर्षीय राजूराम पुत्र सहीराम जाट ने शेरेरा निवासी मुखराम बाना, मोतीराम बाना, जगदीश बाना, हड़मानाराम बाना के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने एकराय होकर रविवार सुबह 8-9 बजे उसका रास्ता रोककर मारपीट की। उसकी गाड़ी में से 35,400 रूपए निकाल लिए व कार को लाठी व कुल्हाड़ी से तोड़ फोड़ कर दी।
सड़क किनारे बैठे युवक को कुचलने का प्रयास, गंभीर घायल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महाजन थाने में शेरपुरा, लूणकरणसर निवासी 21 वर्षीय पालाराम पुत्र किशनाराम जाट ने इसी गांव के किशन पुत्र नरसी सारण के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि शनिवार को रात 11 बजे वह अपने खेत से घर आते समय रोड के किनारे बैठा था। तभी उसी के गांव का आरोपी उसे दिखा, जिसने अपनी गाड़ी से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गाड़ी के नीचे रौंद दिया जिससे उसकी कमर व सिर में गंभीर चोटे लगी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व इसकी जांच थानाधिकारी कश्यपसिंह करेंगे।
मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में वार्ड 3 निवासी 28 वर्षीय सुदंरलाल पुत्र शंकरलाल विश्नोई ने मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 5 सितंबर सुबह साढें दस बजे उसकी मोटरसाइकिल किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर ली। पुलिस ने मामले की जांच एएसआई ओमप्रकाश को दी है।
पदयात्री ट्रक टेलर की चपेट में, युवक ने गवांए प्राण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोलायत थाने में अक्कासर निवासी 27 वर्षीय बाबूलाल पुत्र मल्लूराम मेघवाल ने मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा का लड़का प्रेमकुमार अपने मामा के लड़के हरिराम व दोस्त भंवरलाल के साथ रामदेवरा पैदल दर्शन करने गया। 4 सितंबर की रात 10.45 बजे दियातरा गांव से आगे करीब 2 किलोमीटर निकले तो एचपी पेट्रोल पंप के पास बीकानरे की ओर से आ रहे एक ट्रक ट्रेलर के चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। जिससे प्रेमकुमार को गंभीर चोटें आई व 6 सितंबर को उसने ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवा हैड कांस्टेबल सुगनाराम को जांच दी है।