May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-02-23 at 22.03.26

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 मार्च 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की पांच खास खबरें एक साथ एक नजर में, देखें आयोजनों के फोटो भी।

प्रेरणीय – दहेज की जगह समाज के शैक्षिक उत्थान में आगे आया महिया-भामूं परिवार, दिया प्रेरणीय संदेश

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव कल्याणसर पुराना में शनिवार को हुए एक विवाह समारोह में समाज में कुरीतियां मिटाने एवं शैक्षिक उत्थान में भागीदारी निभाने का प्रेरणीय संदेश दिया गया है। यहां पेमाराम महिया की पौत्री एवं मोहनलाल महिया की पुत्री सरिता का विवाह परसनेऊ निवासी चुनाराम भाभूं के पौत्र एवं पूनमचंद भामूं के पुत्र कपिल से हुई। दोनो परिवारों की आपसी समझ से इस विवाह में दहेज मुक्ति का संदेश देते हुए एक रुपए नारियल के साथ विवाह संपन्न करवाया गया। विवाह में वर पक्ष की प्रेरणा से दहेज का सामान, नकदी, सोना आदि किसी प्रकार से दहेज नहीं लिया गया। वर पक्ष की इस प्रेरणा से वधु पक्ष द्वारा भी इस विवाह के उपलक्ष्य में फलौदी के वीर तेजा किसान छात्रावास में कमरे के निर्माण हेतु 3 लाख रुपए देने का निर्णय लिया गया। क्षेत्र में दहेज लेने-देने के बजाए समाजहित में आगे आने की इस प्रेरणीय पहल की खूब चर्चा हो रही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव कल्याणसर में हुआ प्रेरणीय विवाह समारोह।

सन्यासी तुलसीदास की प्रतिमा स्थापना समारोह सोमवार को।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव लिखमीसर उत्तरादा में दिवंगत सन्यासी संत तुलसीदास भूंवाल की प्रतिमा स्थापना समारोह सोमवार को मनाया जाएगा। गांव में राप्रावि जाटों का मोहल्ला के पास स्थित उनके समाधी स्थल पर सोमवार सुबह 8 बजे यह समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में ग्रामीण सामूहिक रूप से शामिल होगें एवं सत्संग के साथ साथ गांव में सामाजिक रितियों पर सामूहिक चर्चा भी करेगें। विदित रहे कि सामान्य परिवार में जन्म लेकर सन्यास लेने वाले संन्यासी संत तुलसीदास ने अपने जीवन काल में गांव पहली बार शिक्षा की अलख जागई थी एवं श्रीडूंगरगढ़ मार्ग पर गांव लिखमीसर व दुसारणा के बीच पानी की प्याऊ, कुंड का निर्माण करवाया था।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमीसर में होगी सन्यासी संत तुलसीदास की प्रतिमा की स्थापना।

प्रदेश टॉपर का किया अभिनंदन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत दिनों राज्य सरकार द्वारा आयोजित की गई राजस्व लेखाकार भर्ती में एससी-एसटी वर्ग में प्रदेश टॉप करने वाले रामूराम मेघवाल का रविवार को श्रीडूंगरगढ़ के क्षेत्र गांव नौसरिया में भीम सेना के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र नौसरिया के आवास पर अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर नौसरिया ने रामूराम से प्रेरणा लेकर समाज के युवाओं को शिक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ने एवं समाज के उत्थान में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान रामुराम ने वहां मौजूद बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए युवाओं को परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयासों में लगे रहने को कहा। इस दौरान गणेशाराम मायल, श्रवण राम मेघवाल, रूघाराम मायल, रेखाराम मेघवाल, सुरेश देवाला, राकेश देवाला, लीलाधर, रेंवत मायल, फेफाराम आदि ग्रामीणों ने रामूराम को साफा पहनाया एवं अभिनंदन किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव नौसरिया में भीम सेना द्वारा किया गया प्रदेश टॉपर का अभिनंदन।

केन्द्रीय मंत्री से मांगा रेलवे अंडरब्रिज।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के शनिवार को क्षेत्र के दौरे के दौरान गांव शेरूणा में दुलचासर के ग्रामीणों ने अभिनंदन किया एवं मुलाकात कर दुलचासर-सांवतसर कटाणी मार्ग पर रेलवे पटरियों के नीचें अंडरब्रिज बनवाने की मांग की। इस दौरान भाजपा नेता ओमप्रकाश सोनी, बाबुलाल जाजडा, छैलुसिंह, कुशालसिंह राजपूत आदि ने रेल्वे अन्डर पास के अभाव में ग्रामीणों को हो रही दिक्कतों के बारे में बताया एवं जल्द समाधान करवाने की मांग की। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने इस संबध में जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री से मांगा दुलचासर-सांवतसर मार्ग पर रेलवे अंडरब्रिज।

राउमावि के सीनियर्स को दी विदाई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव उदरासर के वैद्य मघाराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को सीनियर्स का विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिसमें कक्षा 12 के विद्यार्थियों को कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा तिलक लगा कर एवं पुष्प वर्षा कर आगामी परीक्षा में सफलता की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर शाला स्टाफ मौजूद रहा एवं सीनियर्स व जूनियर्स के बीच के सहयोगी परंपरा का महत्व बताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव उदरासर के राउमावि में दी गई सीनियर्स को विदाई।