May 21, 2026
10-oct

सालासर बालाजी का भव्य जागरण होगा, धूमधाम से रवाना होगा पैदल संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव सुरजनसर में भोमियाजी नवयुवक मंडल संघ द्वारा 24 अक्टूबर को विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष भंवरलाल सारस्वत ने बताया कि मंडल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस जागरण में सुदंर मालिया एडं पार्टी सहित लूणरकरणसर व बीकानेर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जागरण के पश्चात 25 अक्टूबर को सुबह पैदल यात्री संघ सालासर धाम की 14वीं फेरी के लिए रवाना होगा। इस दौरान ठाकुरजी मंदिर से भोमियाजी मंदिर तक जुलूस निकाला जाएगा। सारस्वत ने बताया कि यात्री शुल्क न्यूनतम रखा गया है और अनेक युवा पैदल यात्रा में शामिल होंगे। गांव के सरपंच ओमप्रकाश व बुजुर्ग संघ को पूजन के साथ ध्वज देकर रवाना करेंगे। कोषाध्यक्ष कुंभाराम डूडी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश, सदस्य मुनिराम शर्मा, मनोज, मघराज, सत्यनारायण, लीलाधर, हनुमान डूडी, पोस्टर स्पॉन्सर तेजल डीजे साउंड सुरजनसर, कालूराम डूडी संघ की व्यवस्थाओं संबंधी तैयारियों में जुटें है। हुनमान डूडी ने बताया कि जागरण व पदयात्रा को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है।
लिखमादेसर के हंसोजी धाम में आज होगा आसोज मेला, होंगे अनेक धार्मिक आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीगुरू हंसोजी धाम लिखमादेसर में आज विशाल धार्मिक आयोजन होगा। धाम के महंत भंवरनाथ सिद्ध ज्याणी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवो से बड़ी संख्या में सिद्ध सम्प्रदाय के नागरिक एकत्र होंगे। आयोजन में दोपहर सवा तीन बजे दिव्य हवन होगा तथा रात्रि को विशाल जागरण में सबद गायन व अग्नि नृत्य किया जाएगा। वहीं आज शाम सवा सात बजे से ही मंदिर में महाप्रसादी का प्रसाद भी सभी श्रद्धालुओं को दिया जाएगा।
पूनरासर मेले की तैयारियों में जुटा पुजारी ट्रस्ट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर हनुमानजी का शरद पूर्णिमा मेला 27 व 28 अक्टूबर को आयोजित होगा। पुजारी ट्रस्ट द्वारा आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। पुजारी ट्रस्ट के सहमंत्री मोतीलाल बोथरा ने जिला कलेक्टर, जिला एसपी सहित उपखंड अधिकारी, सीओ व थानाधिकारी को पत्र देकर इस दो दिवसीय मेले में पुलिस व्यवस्था, बिजली, पानी, यातायात व्यवस्थाओं के लिए प्रशासनिक प्रबंधन करने की मांग की है।