May 20, 2026
khabar

गाय के बंधी रस्सी लिपट गई युवक के गले से, हुई मौत।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाना क्षेत्र में एक युवक की दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। माडिया निवासी दिलीप पुत्र सोहनलाल विश्नोई ने पुलिस को बताया कि उसका भाई 38 वर्षीय रामस्वरूप बुधवार को दोपहर 12 बजे गाय लेकर गौशाला गया। जहां एक गाय व सांड आपस में लड़ाई करने लगे। गाय के बंधी हुई रस्सी रामस्वरूप के गले के बाहर लिपट गई और गाय के भागने से उसके गले में फंदा लग गया। जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कीटनाशक के असर से जान गवांई किसान पुत्र ने।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जसरासर थाना क्षेत्र में साजनवासी रोही में इसी गांव के निवासी 35 वर्षीय मदनलाल पुत्र पेमाराम जाट की कीटनाशक के असर से मौत हो गई। मृतक के भाई चेनाराम ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसका भाई मदनलाल 26 अप्रैल को सुबह करीब 9 बजे खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। जिससे उसे उल्टियां होने लगी। उसे पीबीएम में भर्ती करवाया गया जहां ईलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच जसरासर थानाधिकारी संदीप कुमार को दी है।

स्प्रे पी लेने से एक युवक की मौत।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बज्जू थाना क्षेत्र में रणजीतपुरा निवासी महेंद्रलाल पुत्र बीरबलराम मेघवाल की गलती से कीटनाशक पी लेने से मौत हो गई। मृतक के पिता ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल धर्मवीर को दी है।

सड़क दुर्घटना में घायल नवयुवक की मौत।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गंगाशहर थाना क्षेत्र में बाबू चौक निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। विजय कुमार पुत्र संपतलाल माली ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार का 20 वर्षीय हेमराज पुत्र राजकुमार उदयरामसर व आंबासर गांव के बीच 28 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे रेलवे क्रोसिंग से पहले चलती गाड़ी के सामने गाय आ जाने के कारण गाय को बचाने के दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें चालक सीताराम पुत्र ओमप्रकाश माली व हेमराज गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें पीबीएम पहुंचाया गया, जहां हेमराज सैनी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल सीताराम व चोटिल हुए मनीष का ईलाज किया जा रहा है। पुलिस मर्ग दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल कालूराम को दी है।