May 21, 2026
evee

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अप्रैल 2025। न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की पांच खास खबरें एक साथ एक नजर में।

साहित्य के मौलिक लेखन को मिलेगें 7 सम्मान, मांगें आवेदन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्थानीय राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले साहित्यश्री सम्मान, हिन्दी साहित्य सृजन पुरस्कार, उपन्यास लेखन पुरस्कार, महिला लेखन पुरस्कार, बाल साहित्य सृजन पुरस्कार,  साहित्य के इतर विषयों पर लेखन पुरस्कार और समाज सेवा सम्मान के लिए कृतियां-प्रस्ताव मांगे गये हैं। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि साहित्यश्री सम्मान में 21 हजार रुपए एवं अन्य सभी पुरस्कारों-सम्मानों में ग्यारह-ग्यारह हजार रूपये नगद राशि, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, शॉल के रूप में आगामी 14 सितम्बर को संस्था के वार्षिकोत्सव में दिए जाएगें। इन पुरस्कारों के लिए अपने आवेदन एवं प्रस्ताव भेजने के लिए संस्था मंत्री रवि पुरोहित से अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इन आवेदनों में से पुरस्कार-सम्मान निर्णय की घोषणा अगस्त माह में की जावेगी।

सेवा बस्तियों में लगेगें चिकित्सा शिविर, मिलेगी दवाईयां भी निशुल्क।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ एवं नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन द्वारा कस्बे की 6 सेवा बस्तियों में चिकित्सा शिविरों का आयोजन आगामी 13 अप्रैल को किया जाएगा। कस्बे के कालूबास की अंबेड़कर बस्ती, मोमासर बास की वाल्मीकि बस्ती, बिग्गाबास की प्रताप बस्ती, मेघवाल बस्ती, नटिया बस्ती, आडसर बास की साटिया बस्ती में रविवार 13 अप्रैल को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक एक साथ एक ही दिन में यह शिविर आयोजित होगें। शिविर में दंत रोग, स्त्री रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन चिकित्सकों द्वारा सेवांए दी जाएगी एवं दवाईयां भी निशुल्क प्रदान की जाएगी।

क्षेत्र में राम राज्य…! अधिकारी रहे इंतजार में, नहीं आए परिवादी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माह के दूसरे गुरूवार को आयोजित होने वाली उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई गुरूवार को अवकाश होने के कारण बुधवार को आयोजित की गई। पंचायत समिति में इस जनसुनवाई में उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। लेकिन व्यापक प्रचार प्रसार के बाद भी जनसुनवाई सूनी ही रही एवं परिवादी नहीं पहुंचें। यहां ग्राम पंचायत लिखमीसर दिखणादा में खराब पडे़ टयुबवैल को सही करवाने, गांव भोजास में बिजली के पोल बदलने एवं आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधित करवाने की केवल तीन परिवाद प्राप्त हुई। ऐसे में चर्चा चल पड़ी कि क्षेत्र में राम राज्य चल रहा है एवं किसी को कोई दिक्कत ही नहीं है शायद। क्षेत्र में आए दिन अपनी शिकायतें दर्ज करवाने वाले परेशान लोगों के जनसुनवाई के प्रति उदासीनता जागरूकता को जाहिर कर रहा है।

पूर्व सांसद एवं तीजारा विधायक ने दी नाई को श्रृद्धांजलि।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूर्व सांसद एवं तीजारा विधायक बाबा बालकनाथ ने बीकानेर यात्रा के दौरान श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक किशनाराम नाई के फार्म हाऊस पर रूक कर उन्हें श्रृद्धांजलि दी। इस दौरान बाबा ने किशनाराम नाई के चित्र पर पुष्प चढ़ाए एवं पार्टी संस्थापक सदस्यों की बदौलत ही देश में हिंदूत्व की लहर खड़ी हो पाने की बात कही। बाबा बालकनाथ ने नाई के पुत्र मदन नाई, पौत्र आशीष जाड़ीवाल, नितिन नाई, प्रशांत, दीपांशु, दोहिते सुरेंद्र मारू आदि से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस दौरान भाजपा नेता विनोद गिरी गुंसाई, नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा, के के जांगिड़, पार्षद पवन उपाध्याय आदि साथ रहे।

कथा में हुआ हनुमान-श्रीराम मिलन, श्रृद्धालु हुए भाव विभोर।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के कालूबास स्थित बोथरा हनुमान मंदिर में हनुमान जंयती के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही पांच दिवसीय हनुमंत कथा के दूसरे दिन कथा में हनुमान-श्रीराम मिलन का प्रसंग उल्लेखित किया गया। इस मौके पर श्रृद्धालु भाव विभोर हो गए एवं कथावाचक पंडित विष्णुदत्त शास्त्री ने श्रीराम की सुग्रीव से मित्रता का प्रसंग भी उल्लेखित किया। इस मौके पर भगवान श्रीराम द्वारा बताए गए मित्रता के लक्षणों को बताते हुए कथावाचक शास्त्री ने वर्तमान समय में मित्रता के नाम पर हो रहे आडम्बर से बचने की प्रेरणा दी। उन्होने कहा कि मित्र वही तो दुख के समय में आगे आकर साथ निभाए एवं सुख के समय में बिना याद किए ना जाए। कथा में बड़ी संख्या में श्रृद्धालु पहुंच रहे है।