May 20, 2026
bhanu-update

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मई 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार दिन भर की छोटी-बड़ी खास खबरें एक साथ पढ़ें इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में।

चौरड़िया ने दिया ज्ञापन, की रेलवे सुविधा की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मई 2024। सामाजिक कार्यकर्ता तुलसीराम चौरड़िया ने शुक्रवार को रेलवे डीआरएम को ज्ञापन देकर श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर बने हुए 1 नम्बर प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है। चौरड़िया ने बताया कि करीब 600 फीट लंबे इस प्लेटफार्म की ऊंचाई पुराने मानकों पर है एवं ट्रेन में चढ़ने के लिए ऊंचाई अधिक की आवश्यकता है। ऐसे में आए दिन ट्रेन पर चढ़ने व उतरने वाले बुजुर्गों, बच्चों के साथ गिरने के हादसे होते है। वहीं सामान चढ़ाने, सवारियों के उतरने, चढ़ने में भी खासी दिक्कतें होती है। ऐसे में चौरड़िया ने क्षेत्रवासियों की दिक्कतों का समाधान करते हुए जल्द से जल्द प्लेटफार्म की ऊंचाई ट्रेन में चढ़ने की सुविधा के अनुसार करवाने की मांग की है।

पारीक को चुना गया प्रदेश कार्यसमिति में, दी सामाजिक जिम्मेदारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मई 2024। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के युवा कार्यकर्ता आईदान पारीक को ब्राह्मण महासभा के युवा प्रकोष्ठ में प्रदेश कार्यसमिति के लिए चुना गया है। पारीक को यह जिम्मेदारी देते हुए युवा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष रामानुज शर्मा ने समाज के उत्थान के लिए महासभा के विधान अनुसार कार्य करने एवं युवाओं को समाजहित में जागरूक करने को कहा है।

51 परिवारों को मिल सकेगी छत, जारी हुई पहली किश्त, पढ़ें विस्तार से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मई 2024। श्रीडूंगरगढ़ शहर में कच्चे झोंपड़ियों में या बिना मकान के ही अपना गुजारा करने वाले 51 और परिवारों को अब छत नसीब हो सकेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित हुए इन 51 परिवारों को शुक्रवार को मकान निर्माण के लिए पहली किश्त जारी कर दी गई है। नगरपालिका में योजना प्रभारी जितेन्द्र भोजक ने बताया कि इन परिवारों को प्रति परिवार 30 हजार रुपए की राशि इनके खातों में भेज दी गई है। विदित रहे कि इस योजना के तहत इस वर्ष 93 आवेदन थे, जिनमें 39 परिवारों को पहले एवं 51 परिवारों को अब प्रथम किश्त की राशि दे दी गई है। जिन परिवारों को प्रथम किश्त की राशि दे दी गई है, उन्हें फांडडेशन तक निर्माण होने की फोटो देने को कहा गया है ताकी जियो टैगिंग के बाद उन्हें दूसरी किश्त का भुगतान किया जा सके।

34 वर्षों की सेवा के बाद आज हुई सेवानिवृत्ति, साथियों ने किया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मई 2024। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के माध्यम से क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में लंबे समय से कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी रोहिताश कुमार की 34 वर्षों की सेवाएं पूर्ण होने के बाद शुक्रवार को सेवानिवृति हुई। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी संघ की अगुवाई में पंचायत समिति सभागार में उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधान पति केशराराम गोदारा, विकास अधिकारी मनोज धायल सहित कई सरपंच एवं समस्त ग्राम विकास अधिकारी, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता व पंचायत समिति स्टाफ ने माल्यार्पण, शाल, साफे व स्मृति चिन्ह् के साथ उनका सम्मान किया। इस मौके पर उनके कार्यकाल के शांत व सौम्य व्यवहार की चर्चाएं करते हुए उनके सेवानिवृत्ति के बाद सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दी गई। इससे पूर्व गुरूवार को उनके कार्यकाल के अंतिम दिवस पर ग्राम पंचायत ठुकरियासर में भी उनका सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। ठुकरियासर में हुए विदाई समारोह में सरपंच अमराराम गांधी ने उन्हें स्मृति चिन्ह दिया एवं पूर्णाराम गोदारा, सरस सेना अध्यक्ष हनुमानसिंह गोदारा, मोहनलाल, पेमाराम, जगदीश प्रसाद, ओम प्रजापत, देवीलाल, हीरालाल, स्वरूपाराम, गंगाराम, नरसाराम, कोजाराम, बुधाराम गांधी, दिलूराम नाई, भागीरथ जाखड़, मुखराम, पेमादेवी, उमराव कंवर आदि ग्रामीणों ने उनका सम्मान किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेवानिवृति पर किया गया रोहिताश कुमार का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ठुकरियासर में गुरूवार को किया गया ग्राम विकास अधिकारी रोहिताश कुमार का विदाई समारोह।