






सातलेरा के स्कूल में मनाया कैरियर डे, विद्यार्थियों को अनेक रौचक जानकारियां दी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राउमावि सातलेरा में स्वामी विवेकानंद जयन्ती पर कैरियर डे मनाते हुए कैरियर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित रक्षा विशेषज्ञ के रूप में आमंत्रित इंडियन नेवी में कार्यरत कैलाशचन्द्र सारस्वत, एविएशन ऑफिसर AA, स्वास्थ्य सेवा विशेषज्ञ डॉ रोशनी गोस्वामी, आयुर्वेद चिकित्साधिकारी, राजकीय आयुर्वेद औषधालय, सातलेरा और मुख्य अतिथि सरपंच रामप्यारी देवी जाखड़ शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नौरतमल शर्मा, कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने की। सरस्वती पूजन से कार्यक्रम प्रारंभ हुआ और स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के सन्मुख दीप प्रज्ज्वलित किया गया। विद्यालय की बालिकाओं ने सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की। विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी कैलाश चन्द्र सारस्वत ने भारतीय नौसेना में, रक्षा क्षेत्र में, देश सेवा के विभिन्न अवसरों, सेवाओं की तैयारी और उनमें कैरियर बनाने को लेकर रौचक जानकारियां दी। डॉ रोशनी गोस्वामी ने साइंस स्ट्रीम में रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। मुकेश शर्मा वाणिज्य में कैरियर के अवसर साझा किए। नुजल इस्लाम काजी ने मंच सञ्चालन करते हुए कला संकाय में कैरियर के बारे में व समाजसेवा के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी दी। पी टी आई पुष्पा ने खेलों में रोजगार के अवसर बताए। वन्दना ने शिक्षा विभाग में रोजगार के विषय में जानकारी दी। इस अवसर पर विशेषज्ञ कार्यशाला सहित, प्रश्नोतर, आत्मवृत लेखन सहित विभिन्न कार्यक्रम हुए जिनमें विद्यार्थी उत्साह के साथ शामिल हुए। अव्वल विधार्थियों को पुरस्कृत किया गया। खेलकूद में विद्यालय की कबड्डी में राज्यस्तरीय खिलाड़ी सरिता भुंवाल को भी सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों को शाला परिवार की ओर से सम्मान प्रतीक देकर और माल्यर्पण करके सम्मानित किया गया। शाला प्रभारी नौरतमल शर्मा ने सभी का आभार प्रकट करते हुए विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं हेतु अच्छी तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टॉफ नीलम कँवर, सुमन, अनुराधा और किशनगोपाल प्रजापत का उल्लेखनीय सहयोग रहा।

खेल सप्ताह के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय कन्या महावद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में खेल सप्ताह के अंतर्गत आज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी छात्राओं को विभिन्न समूहों को टीम के रूप में बांटा गया। प्रतियोगिता में विवेकानंद छात्रा समूह (कांता लांबा, कविता लांबा, मैना लांबा, लाली और पूजा) प्रथम स्थान पर रही। महादेवी छात्रा समूह द्वितीय और रानी लक्ष्मीबाई समूह तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता का संचालन डा. आनंद नारायण और डा.उर्मिला यादव ने किया । कार्यक्रम में समस्त महाविद्यालय स्टाफ की उपस्थिति रही। प्राचार्य तेजकरण चौहान ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मोमासर में खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय मोमासर में चल रही खेलकूद प्रतियोगिता में आज सप्ताह के पांचवें दिन छात्र और छात्राओं की बैडमिंटन, कट्टा दौड़, कैरम बोर्ड, म्यूजिकल चेयर आदि प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। कट्टा दौड़ छात्रा वर्ग में अंकिता सुथार प्रथम स्थान पर, ललिता खटीक द्वितीय स्थान पर और पूजा शर्मा तृतीय स्थान पर रही । छात्र वर्ग कट्टा दौड़ में अमित साहू प्रथम स्थान पर, राकेश गोदारा द्वितीय स्थान पर, देवीलाल गोदारा तृतीय स्थान पर रहे । बैडमिंटन छात्रा वर्ग में रुक्मणी सहारण प्रथम स्थान पर रही । माया सिद्ध और जयश्री सुथार क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही । कैरम बोर्ड छात्रा वर्ग में पूजा शर्मा प्रथम स्थान अंकिता सुथार और सुमित्रा द्वितीय स्थान प्राप्त किया । वहीं छात्र वर्ग कैरम बोर्ड में कार्तिक नाई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया द्वितीय स्थान पर मनीष गोदारा और तृतीय स्थान पर दो छात्र सुमित शर्मा और हरिओम प्रजापत रहे । इस मौके पर असि. प्रोफेसर पवन कुमार, डॉक्टर कुलदीप स्यौराण, डॉक्टर तृप्ति जैसनसरिया, मुकेश कुमार स्वामी, कौशल्या जी और रीनी शर्मा आदि सहायक आचार्यों से बनी खेल समिति ने अलग-अलग प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अदा की।

ज्ञानदीप स्कूल में मनाया युवा दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के ज्ञानदीप पब्लिक एकेडमी स्कूल में राष्ट्रीय युवा दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। स्वामी विवेकानंद को पुष्पाजंलि अर्पित करते हुए स्वामी के शिकागो धर्मसम्मेलन के बारे में विस्तृत जानकारी बच्चों को दी गई। विद्यालय के संचालक दुर्गाप्रसाद पालीवाल ने बच्चों को स्वामी विवेकानंद के जन्म व जीवन के बारे में जानकारी देते हुए युवा दिवस के रूप में मनाए जाने की बातें बताई। इस दौरान अध्यापक कैलाश पालीवाल ने बच्चों को विवेकानंदजी के जीवन के प्रेरणा प्रसंग सुनाए। रानू गांधी, नरेंद्र शर्मा, आनन्द दाधीच व पवन कुमार ने भी विचार रखते हुए बच्चों को राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा दी।

छात्रावास विकास समिति की बैठक, भाम्भू को श्रंद्धाजलि दी, गणेशाराम ने कमरा निर्माण की घोषणा की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महर्षि दयानंद सरस्वती छात्रावास विकास समिति की बैठक आज छात्रावास प्रांगण में श्यामसुन्दर आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। समिति सदस्यों व छात्रों द्वारा पूर्व प्रधान दिवंगत दानाराम भाम्भू को दो मिनट का मौन रखकर श्रंद्धाजलि के बाद बैठक प्रारंभ हुई। भाम्भू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनकी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठाा से युवाओं को प्रेरणा लेने की बात वक्ताओं ने कही। बैठक में छात्रावास में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा की गई। सुशील सेरडिया ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस दौरान गणेशाराम पोटलिया ने बालिका छात्रावास में दिवंगत रामलाल पोटलिया बेनीसर की स्मृति में एक कमरा निर्माण की घोषणा की। एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य ने दानदाता परिवार का आभार प्रकट किया। बैठक में पूर्व सरपंच श्रवणराम जाखड़, पूर्व सरपंच लक्ष्मणराम खिलेरी, कृषि मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू, भंवरलाल खिलेरी, रामचन्द्र गीला, हेतराम राहड़, भंवरलाल जाखड़, हनुमान महिया, रामप्रताप जाखड़, बालूराम सेरडिया, श्याम सारण सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहें।

तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न, संत ने दी शुभकामना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास के माहेश्वरी भवन में आयोजित तीन दिवसीय हवन पूजन आज पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। श्रीसारस्वत काशी मठ के मठाधिपती सम्यमीन्द्रतीर्थ स्वामी के सान्निध्य में आयोजित चंडिका हवन कार्यक्रम धार्मिक माहौल में पूरा हुआ। स्वामीजी से सबके शुभ व कल्याण की कामना करते हुए सारस्वत समाज को शुभकामनाएं दी। आयोजन समिति के सुनील तावणीया ने बताया की इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद में भाग लिया।




