May 21, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 जुलाई 2023। श्रीडूंगरगढ़ के साहित्यकार रवि पुरोहित राजस्थानी भाषा के प्रतिष्ठित साहित्य सम्मान से सम्मानित होंगे। लॉयंस क्लब के सदस्यों ने पौधारोपण किया और भाजपा जिलाध्यक्ष को चेतावनी पत्र लिखा वहीं समाजसेवी चोरड़िया ने मंत्री को पत्र लिखकर पालिका की शिकायत करते हुए शहर में सफाई करवाने की मांग की। ये चारों खबरें पढें एक साथ एक नजर में..
साहित्यकार रवि पुरोहित होंगे साहित्य सम्मान से सम्मानति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विभिन्न विधाओं के धनी क्षेत्र के साहित्यकार रवि पुरोहित को आगामी 16 अक्टूबर 2023 को डूंडलोद विद्यापीठ के वार्षिकोत्सव में राजस्थानी भाषा साहित्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। विद्यापीठ के सचिव मुकेश पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि डीवीपी संस्थान द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर दिया जाने वाला ये सम्मान राजस्थानी भाषा, साहित्य व संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए दिया जाता है। इस वर्ष ये पुरस्कार साहित्य सृजन सेवा सम्मान कविता, कहानी, व्यंग्य, आलोचना, अनुवाद, लघुकथा व संपादन के लिए साहित्यकार रवि पुरोहित को दिया जाएगा। पुरोहित के अतिरिक्त हिन्दी साहित्य सृजन के लिए समालोचक राजाराम भादू एवं रजनी मोरवाल, जयपुर को भी सम्मानित किया जाएगा। इन सभी साहित्यकारों को सम्मान स्वरूप इक्कीस हजार रुपए की नगद राशि, शॉल, श्रीफल और अभिनन्दन-पत्र दिए जाएंगे। बता देवें विभिन्न विधाओं के रचनाकार रवि पुरोहित को पूर्व में भी अनेक प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मानों से पुरस्कृत किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि पुरोहित की राजस्थानी काव्य कृति ‘उतरूं ऊंडै काळजै” की रचनाओं का हिन्दी, अंग्रेजी, पंजाबी, संस्कृत, स्पेनिश, मराठी, बांग्ला, उड़िया, तेलगू और नेपाली सहित कई भाषाओं में अनुवाद हो चुके हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष को लिखा चेतावनी पत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार जांगिड़ ने भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जालमसिंह भाटी को चेतावनी पत्र लिखते हुए जांगिड़ सुथार समाज को जिला कार्यकारिणी के गठन से दूर रखने का आरोप लगाया। जांगिड़ ने कहा कि जिले भर में जांगिड़ समाज की अनदेखी की गई है। अधिकांश वोटर भाजपा के है उसके बावजूद जिला कार्यकारिणी में कोई पद इस समाज को नहीं दिया गया है जिससे समाज में रोष का भाव है।
शहर में सफाई करवाने की मांग मंत्री से की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समाजसेवी तुलसीराम चौरड़िया ने स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल को पत्र लिखकर पालिका की शिकायत करते हुए सरकारी अस्पताल, बालिका विद्यालय, डाकघर व स्टेट बैंक के आस पास सफाई करवाने की कार्रवाई करने की मांग की है। चौरड़िया ने कहा कि इन महत्वपूर्ण संस्थानों में प्रतिदिन सैंकड़ो सैंकड़ो छात्राओं सहित मरीजों, बैंक ग्राहकों व आमजन का आना जाना रहता है। यहां भरे रहने वाले गंदे पानी से आमजन बुरी तरह से इससे प्रभावित व परेशान हो रहा है। चौरड़िया ने कहा कि अनेक बार शिकायत के बाद भी पालिका प्रशासन द्वारा कार्य नहीं करवाया जा रहा है ऐसे में स्वयं मंत्री को दखल देकर आमजन को राहत देनी चाहिए।
लॉयन्स क्लब के सदस्यों ने किया पौधारोपण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सावन के माह में बरसात के साथ ही पौधारोपण के आयोजन प्रारंभ हो जाते है। आज हाइवे किनारे बॉम्बे कॉलोनी में लॉयन्स श्रीडूंगरगढ़ ग्रेटर के सदस्यों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस दौरान सत्यनारायण स्वामी, महावीर माली, पवन सुथार, हंसराज माली, राजू सुथार, गोविंद सुथार आदि शामिल रहें व पर्यावरण संरक्षण का प्रण किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लॉयन्स क्लब के सदस्यों ने किया पौधारोपण।