May 21, 2026
evee

सावधानी ही सर्वोत्तम उपचार – डॉ. व्यास, विद्यार्थियों को किया जागरूक।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। बेहतर होगा कि बीमारी पास आए ही नहीं। इसके लिए सभी को जागरूक रहकर बीमारी के लक्षण, उसके प्रति सावधानी, प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि, उपचार आदि का ध्यान रखना चाहिए। ये विचार तुलसी सेवा होमियोपैथी केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के. के. व्यास ने रखे। वे स्थानीय पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में यूथ एवं इको क्लब के पृथ्वी सदन द्वारा मौसमी बीमारियों पर आयोजित वार्ता में विद्यार्थियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने मच्छरजनित मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं हैजा, टायफायड, कालरा, फ्लू, जॉन्डिस, हेप्टोसिरोसिस जैसे बीमारियों के लक्षण एवं उपचार बताए। उन्होंने कहा कि सामान्यतः वायरस एवं एलर्जी के कारण मौसमी बीमारियाँ फैलती है। उन्होंने बच्चों को नियमित हाथ धोने, खांसते-छींकते समय मुँह ढकना, मौसम के अनुसार कपड़े पहनना आदि व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के साथ ही संतुलित आहार, ताजी-धुली-उबली सब्जियों का सेवन, हल्का भोजन, नींबू, संतरे जैसे फलों एवं उबले हुए पानी का सेवन करने की सलाह दी। इससे पूर्व यूथ एवं इको क्लब प्रभारी डॉ राधाकिशन सोनी ने क्लब के गठन का उद्देश्य एवं प्रस्तावित आयोज्य गतिविधियों की जानकारी दी। वार्ता के अंत में श्रीमती सोनल शर्मा के निर्देशन में स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई जिसमें मंगलाराम प्रथम, बजरंग जाखड़ द्वितीय एवं लक्की मारू तृतीय स्थान पर रहें। इन्हें सम्मानित किया जाएगा। कार्यवाहक प्राचार्य श्रीमती सोमेंद्र बैंस ने उपयोगी जानकारी देने के  लिए डॉ व्यास का आभार जताया तथा उन्हें स्मृति प्रतीक भेंट किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डॉ केके व्यास का सम्मान किया, व्यास ने बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

कन्या महाविद्यालय व राजकीय महोविद्यालय में विषय शुरू करने की मांग उठाई विधायक ने, दिया सरकार को पत्र।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कन्या महाविद्यालय क्षेत्र की कन्याओं के लिए एकमात्र उच्च शिक्षा का केंद्र है जिसमें गृह विज्ञान व संस्कृत विषय नहीं होने से युवतियों को पढ़ने के लिए 70 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ऐसे में श्रीमति सदुदेवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय में गृह विज्ञान और संस्कृत साहित्य शुरू करने की अनुमति दी जानी चाहिए। ये आग्रह करते हुए विधायक तारांचद सारस्वत ने उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा को पत्र लिखा है। इसी के साथ सारस्वत ने राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में एम.ए. (हिन्दी साहित्य) प्रारंभ करने की मांग भी की है। सारस्वत ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को अनावश्यक आर्थिक व मानसिक बोझ से मुक्ति मिल सकेगी। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से जल्द इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की।

दिवाली से पहले स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, नोखा में 795 लीटर घी किया सीज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दीपावली के त्यौहार के मद्देनजर राज्य सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। नोखा औद्योगिक क्षेत्र में संदिग्ध 795 लीटर घी को मौके पर सीज किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा दल द्वारा एसडीएम नोखा गोपाल जांगिड़ तथा तहसीलदार चंद्र शेखर के साथ संयुक्त कारवाई की गई। डॉ. गुप्ता ने बताया कि नोखा औद्योगिक क्षेत्र तथा बीकानेर शहर में निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्यवाही की गई। यहां फर्म उम्मेद स्वीट्स, बीकानेर मावा भंडार, डे नाइट स्वीट्स, जे जे फूड्स, श्री मारुति फूड्स प्रोडक्ट्स, श्री सालासर फूड प्रॉडक्ट तथा बीकानेर शहर से घी, मावा, नमकीन, पापड़, रसगुल्ला, सोन पापड़ी, काजू कतली आदि के 18 नमूने लिए गए। श्री मारुति फूड्स प्रोडक्ट्स पर 53 पीपों में, प्रत्येक पीपा में 15 लीटर घी रखा था। इसे संदिग्ध मानते हुए कुल 795 लीटर घी सैंपल लेकर मौके पर ही सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह, श्रवण कुमार वर्मा, राकेश गोदारा तथा सुरेंद्र कुमार द्वारा की गई। लिए गए नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा जिसके परिणाम अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।