May 22, 2026
WhatsApp Image 2024-10-21 at 20.14.59

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अक्टूबर 2024। क्षेत्र के गांव पूनरासर के पास बन रहे राजपुरा 132केवी जीएसएस के धीमे निर्माण एवं लंबित कार्यों से आहत किसानों द्वारा भारतीय किसान संघ के बैनर तले धरना दिया जा रहा है एवं सोमवार को धरने के 26वें दिन धरनास्थल एवं जीएसएस स्थल पर विद्युत निगम के अधिकारी एवं निर्माण करने वाली कम्पनी के प्रतिनिधि पहुंचें एवं किसानों से वार्ता की। वार्ता में विद्युत प्रसारण विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता तथा निर्माण कम्पनी अशोका बिल्डकॉन लिमिटेड, वी सन सिटी के प्रतिनिधि शामिल हुए। लंबी चली वार्ता में अधिकारियों ने जीएसएस का लंबित कार्य आगामी 15 दिसंबर तक पूर्ण करने एवं जीएसएस शुरू कर देने का आश्वासन दिया। लेकिन किसानों ने वर्तमान कार्य चलने की गति को देखते हुए विभाग द्वारा दिए गए समय पर कार्य पूर्णहोने के प्रति अपनी आशंका जताई एवं रोष जताते हुए कार्य को तीव्र गति से करवाने की मांग की। भारतीय किसान संघ के संभाग उपाध्यक्ष तोलाराम जाखड़ ने धरनार्थी किसानों से चर्चा करके सर्वसम्मति से कार्य को तीव्र गति नहीं देने पर आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया। इस दौरान किसानों की ओर से जाखड़ ने 15 दिसम्बर तक कार्यपूर्ण होने के संबध में आश्वस्त नहीं होने तक धरना जारी रखने एवं 5 नवंबर तक कार्य को पूर्ण गति नहीं देने पर जीएसएस की तालाबंदी करने, सड़क जाम करने एवं श्रीडूंगरगढ़ उपखंड कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी। इस मौके पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री जगदीश पारीक ने भी विद्युत अधिकारियों को उनके द्वारा वार्ता में दिए हुए समय का को ध्यान में रखते हुए तय समय पर काम पूरा करने को कहा एवं इसके अभाव में आंदोलन उग्र होने संभावना जताई। वार्ता में भारतीय किसान संघ के तहसील मंत्री उत्तमनाथ, ओंकारनाथ, राजूनाथ सिद्ध, भागुनाथ, हरजीनाथ, रामेश्वरनाथ, रामप्रताप गोदारा, नौंरगनाथ, शिंभूनाथ, रूपनाथ, राजनाथ, नारायण पुरोहित, मनोज पारीक, परम नाथ, प्रेमाराम हुड्डा, भागीरथ सिंवर, रमेश सिंवर, रूपनाथ, आसूनाथ, बीरबलनाथ, दौलतनाथ, जेठनाथ, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय किसान संघ के संभाग उपाध्यक्ष ने की अधिकारियों से सख्त लहजे में वार्ता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धरने पर मौजूद किसानों ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी।