






सेसोमूं स्कूल में संपन्न हुई अभिभावक-शिक्षक-बैठक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के सेसोमूं स्कूल में रविवार को अभिभावक-शिक्षक-बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावकों ने मिलकर विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति और उनके समग्र विकास पर चर्चा की। संस्था के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा ने बैठक को स्कूल प्रशासन और अभिभावकों के बीच संवाद मंच के माध्यम से शैक्षणिक उन्नति और समस्या समाधान के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा में अधिक सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। संस्था के प्राचार्य सुब्रत कुंडु ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य न केवल शैक्षिक उत्कृष्टता प्राप्त करना है बल्कि विद्यार्थियों को ऐसे वातावरण में ढालना है, जहां वे व्यक्तिगत एवं सामाजिक रूप से विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का सहयोग और उनकी सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के अकादमिक और व्यक्तित्व विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बैठक में अभिभावकों की ओर से मिले सुझावों पर भी उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अंत में एकेडेमिक कॉर्डिनेटर फरियाद अली काजी ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।

गांव तोलियासर में पहली बार हुआ रावण दहन, उमड़े ग्रामीण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव तोलियासर में दशहरे के पर्व पर शनिवार को पहली बार रावण दहन का आयोजन हुआ। खेतेश्वर वाटिका में रावण बनाया गया व गोधूलि बेला में रावण का दहन किया गया। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चे व ग्रामीण रावण देखने पहुंचे व जय श्री राम के जयकारे लगाए। मातृशक्ति ने रातधुन का कीर्तन करते हुए गांव के लिए सुख समृद्धि की कामनाएं की। कार्यक्रम में गणंश सिंह, विजयसिंह, जगतसिंह, लक्ष्मणसिंह, बाबूलाल, भवानीसिंह, मालसिंह ने स्वयं के भीतर के अहंकार, लोभ, ईष्र्या रूपी रावण को मारने का संदेश दिया। युवा पीढ़ी को राम रावण कथा से प्रेरणा लेकर जीवन में सदाचारी बनने की बात कही। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जमकर जयकारे लगाए।

मोमासर में दशहरे पर आरएसएस ने निकाला पथ संचलन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गांव मोमासर में शनिवार को पथ संचलन निकाला गया। संचलन शिवालय बास स्थित माताजी मंदिर से रवाना हुआ व मुख्य बाजार होते हुए तेरापंथ भवन, हनुमान धोराबास, से भोमियाजी मंदिर प्रांगण में पहुंचा। यहां शाखा लगाई गई व विभाग संचालक टेकचंद बरड़िया ने उद्बोधन दिया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मोमासर के वरिष्ठ स्वयंसेवक गुमानमल सेठिया, विभाग कार्यवाहक सहित 80 स्वयंसेवक गणवेश में शामिल हुए। श्रीडूंगरगढ़ आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने घोष संचालन किया। संचलन के दौरान गांव में उत्साह का माहौल नजर आया व ग्रामीणों ने संचलन के फोटो वीडियो बनाए।

9 दिवसीय अनुष्ठान पूर्ण, नवग्रह विज्ञान से समस्याओं के समाधान पर हुई कार्यशाला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर में तेरापंथ भवन में साध्वी संघप्रभाजी के सान्निध्य में 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक नौ दिवसीय नवानिक आध्यात्मिक अनुष्ठान पूर्ण होने पर रविवार को नवग्रह विज्ञान समस्या समाधान विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। साध्वी संघप्रभा ने कहा कि सौरमंडल में विकसित नवग्रह ना केवल सृष्टि को प्रभावित करते है बल्कि जीवन की सफलता का आधार भी बनते है। उन्होंने कहा कि जप तप व मंत्र साधना से इनके दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में महिला मंडल, कन्या मंडल द्वारा ग्रहों की कहानी अपनी जुबानी पर रेखाचित्र प्रस्तुत किया। रेखाचित्र का संयोजन साध्वी विधिप्रभा ने किया। साध्वी प्रांशु प्रभा ने अनुष्ठान में मंत्रोच्चार के माध्यम से 9 दिन ध्यान के अनेक प्रयोग करवाए। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महासभा कार्यकारिणी सदस्य मानकचंद डागा, स्थानीय सभा उपाध्यक्ष अशोक पटावरी ने भावाभिव्यक्ति दी। अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्राविकाओं की उपस्थिति रही।

योग व प्राकृतिक शिविर जारी, लाभ ले रहें नागरिक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ भवन (धोलिया नोहरा) में आयोजित 25 दिवसीय नि:शुल्क योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर में योग व प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ लेने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहें है। वरिष्ठ प्राकृतिक चिकित्सक डॉ राधेश्याम पारीक की देखरेख में प्राकृतिक चिकित्सा में सेवाएं दी जा रही है वहीं योग गुरू ओमप्रकाश कालवा योग प्रशिक्षण दे रहें है। कालवा ने बताया कि रविवार सुबह योग शिविर में आज गिरदावर चैनाराम चौहान, सेवानिवृत अध्यापक मोहन, अशोक बैद ने पटवारी हरिराम सारण, पीएनबी बैंक के हरिप्रसाद भादू सहित इंग्लिश स्पोकन के राज सर का सम्मान किया गया। योग सहयोगी राकेश कुमार पडिहार, दामोदर बोहरा, योगानंद कालवा, गुड़ियां नैन व प्राकृतिक चिकित्सा में सहयोगी रविप्रकाश पारीक का सेवाओं के लिए अतिथियों ने आभार जताया।





