






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जुलाई 2023। गुरूवार को श्रीडूंगरगढ़ पंचायत भवन व गांव बिग्गा में जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने आदेश जारी करते हुए सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को कल सुबह 10 बजे ग्राम पंचायत बिग्गा की जनसुनवाई में उपस्थित रहने तथा उसके बाद पंचायत समिति परिसर में वीसी हॉल में आयोजित जनसुनवाई में शामिल होने के निर्देश दिए है। चौधरी ने संपर्क पोर्टल की रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने के निर्देश भी दिए है।
जलभराव से निजात दिलवाई, जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव कल्याणसर पुराना की मुख्य गुवाड़ में बरसात का पानी भारी मात्रा में जमा हो गया और ग्रामीण रास्ते बंद होने से परेशान हो गए। सरपंच प्रतिनिधि की मांग पर प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा ने बूस्टर व पाईपलाइन लगवा कर मंगलवार को जलभराव खाली करवाया। मीडिया प्रभारी राजेश मंडा ने बताया कि ग्रामीणों ने गोदारा का आभार जताया।
आशा सहयोगिनी ने मांगा हक, दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान आशा सहयोगिनी संघ के तत्वाधान में श्रीडूंगरगढ़ इकाई ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी को ज्ञापन सौंपा। संघ सदस्य महिलाओं ने कहा कि सरकार संवेदनशील होकर हमारी मुश्किलों को समझे और सहयोग भाव से सहयोग करें अन्यथा संघर्ष का मार्ग अपनाना होगा। अध्यक्ष उर्मिला देवी ने कहा कि कार्यभार की अधिकता व मानदेय व सुविधाओं में न्यूनतम स्तर पर रखकर सरकार आशा सहयोगिनियों के साथ अन्याय कर रही है। सदस्याएं बच्चों का टीकाकरण, 0 से 6 वर्ष तक उनकी देखरेख, परिवार नियोजन कार्यक्रम, अनेक प्रकार के सर्वे, पुकार बैठकें आदि का कार्यभार आशा सहयोगिनी पर है और सरकार द्वारा मात्र तीन हजार रूपए मानदेय दिया जा रहा है। सभी काम ऑनलाइन होने के कारण सरकार फोन या डेटा भी नहीं देती जिससे विभाग व घर वालों के बीच हम मानसिक तनाव सहन करने को मजबूर है। आशा सहयोगिनी संघ सदस्यों ने कहा कि सरकार ध्यान देवें और मानदेय बढ़ावें, मोबाइल फोन, डेटा देवें, संचालन का प्रशिक्षण दिया जावें जिससे हमें कार्य में सहयोग हो सकें अन्यथा संघ को संघर्ष का मार्ग अपनाना होगा। अध्यक्ष ने कहा कि अगर 18 जुलाई तक उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उपखंड कार्यालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कुसुम शर्मा, बसंती, सुमित्रा, विमला पुरी, मंजू, मंजू प्रजापति, मंजू गोदारा, अंजू, समीप, संतोष, रेखा, राजकुमारी, गीता देवी, जीवनी, शार्मिला, परमेश्वरी, आशावादी, मंजू शर्मा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहीं।




