






यूनिट कॉस्ट नहीं बढ़ने से निजी स्कूलों में आक्रोश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिक्षा उपशासन सचिव बृजरतन प्रजापत द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षा सत्र 2024- 25 के दौरान गैर सरकारी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत नि:शुल्क पढ़ने वाले 25% विद्यार्थियों की फीस पुनर्भरण के लिए गत वर्ष की यूनिट कॉस्ट के तहत ही भुगतान किया जाएगा। इस आदेश से प्रदेश के गैर सरकारी स्कूल संचालकों में गहरा असंतोष है। सेवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू ने कहा कि दुनिया में हर वस्तु एवं सेवा की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि गैर सरकारी स्कूलों में निशुल्क पढ़ने वाले विद्यार्थियों की यूनिट कॉस्ट में पिछले चार सत्र से बढोतरी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्कूल एजुकेशन वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी व इस आदेश का विरोध किया जाएगा।
10 मार्च को एसएफआई प्रदेशाध्यक्ष जाखड़ आएंगे श्रीडूंगरगढ़।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छात्र संगठन एसएफआई के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष जाखड़ 10 मार्च को श्रीडूंगरगढ़ आएंगे व तहसील स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। जाखड़ यहां से बीकानेर में जिला कमेटी की बैठक में शामिल होने जाएंगे। शुक्रवार को संगठन ने हाई स्कूल इकाई की बैठक बुलाई जिसमें इकाई सचिव किशन जांगिड़ को और अध्यक्ष तालिम हुसैन को बनाया गया है। संगठन द्वारा क्षेत्र में स्कूलों में जर्जर टांके और कमरों को दुरुस्त करवाने की मांग को उठाए जाने का निर्णय लिया। बैठक में रजनीकांत स्वामी, अकरम मनियार, बनवारी स्वामी, मोहम्मद समीर, समीर काजी उपस्थित थे।

मोबाइल टॉवर लगाने का किया विरोध, उलटे पांव लौटे कंपनी कार्मिक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 मार्च 2025। कालूबास के वार्ड 1 में एक निजी कंपनी के कार्मिक टॉवर लगाने पहुंचे तो मोहल्ले के सक्रिय युवाओं ने मौके पर पहुंच कर विरोध जताया। कंपनी कार्मिकों ने महिला सुलभ शौचालय के पास गड्ढा खोदने की मशीन से काम शुरू किया। युवा सुभाष जावा ने बताया कि कंपनी कार्मिकों ने गली के बीच में टॉवर लगाने की कार्रवाई प्रारंभ की जिसका मोहल्लेवासियों ने विरोध जताया। मौके पर पहुंच शंकर व्यास, बेगराज मेघवाल सहित अनेक युवाओं ने इनका विरोध किया। कंपनी कार्मिकों ने इस बाबत नगरपालिका एनओसी लिए जाने की बात कही। विरोध बढ़ता देखकर कंपनी कार्मिक मौके से लौट गए।

श्रीडूंगरगढ़ तहसील अध्यक्ष बने मूलाराम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जनजाति नायक समाज संघर्ष समिति जयपुर (राजस्थान) में हुए महासम्मेलन समारोह में नवनियुक्त कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का आभार जताया। बीकानेर जिला के अध्यक्ष धर्मपाल को बनाया गया तथा श्रीडूंगरगड़ तहसील अध्यक्ष आड़सर के मूलाराम नायक को नियुक्त किया है। नायक ने पदाधिकारियों का आभार जताया।

धूमधाम से मनाया फागोत्सव, महिलाओं ने लिया आनंद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंदिरों व घरों में फागोत्सव के धूमधाम से आयोजन संपन्न हो रहें। शुक्रवार को महिलाओं ने खूब भजन गाए व फूल गुलाल बरसाते हुए ठाकुरजी के संग होली खेली। महिलाओं ने एक दूसरे को भी बधाई दी।





