






सामाजिक सुरक्षा पेंशनः 31 दिसम्बर तक करवाना होगा वार्षिक भौतिक सत्यापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों को 31 दिसम्बर 2025 तक अपना वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत कुल 2 लाख 55 हजार 788 लाभार्थियों को प्रतिमाह पेंशन मिल रही हैं, इनमें 1 लाख 83 हजार 878 वृद्ध, 56 हजार 132 विधवा तथा 14 हजार 942 विशेष योग्यजन पेंशन तथा 836 कृषक वृद्धजन पेंशनर्स लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि 31 दिसम्बर तक सभी पेंशनर्स को अपना वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना होगा। उन्होंने बताया कि पेंशन लाभार्थी द्वारा अपने वार्षिक सत्यापन के लिए ई-मित्र कियोस्क अथवा ई-मित्र प्लस आदि केन्द्रों पर बायोमेट्रिक्स पद्धति से फिंगर प्रिंट इंप्रेशन (अंगुली की छाप) से करवाया जा सकेगा। वार्षिक भौतिक सत्यापन के लिए विकसित एंड्राइड मोबाइल ऐप‘राजस्थान सोशल सिक्योरिटी पेंशन एंड आधार फेस आरडी के माध्यम से लाभार्थियों के फेस रिकॉग्निजेशन के आधार पर किया जा सकेगा।
बीकानेर में ‘घूमर फेस्टिवल 19 नवंबर को, भाग ले सकेंगी महिलाए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पर्यटन विभाग द्वारा 19 नवंबर को सायं 6 बजे से डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में ‘घूमर फेस्टिवल-2025’ का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने सोमवार को इसके पोस्टर का विमोचन किया। जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार लोकनृत्य घूमर को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों पर ‘घूमर’महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 12 वर्ष से अधिक आयु की छात्राएं और महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। यह आवेदन घूमर डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन (https://ghoomar.rajasthan.gov.in/Website/index.html) के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक स्कूलों और कॉलेजों, विभिन्न नृत्य समूहों की प्रतिनिधियों, गृहणियों, प्रोफेशनल महिलाओं को भी आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के नियम के अनुसार एक ग्रुप में कम से कम बीस महिला प्रतिभागी होंगी। आवेदन करने वाली प्रतिभागियों के लिए न्यूनतम सात दिन की प्रशिक्षण वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले ग्रुप्स को पांच अलग-अलग श्रेणियों में 7 से लेकर 51 हजार रुपए तक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।




