






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 दिसम्बर 2024। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के जयपुर से बीकानेर जाते हुए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं द्वारा अलग अलग स्वागत कार्यक्रमों के माध्यम से अपने शक्तिप्रदर्शन करने ने चर्चाओं को गर्म कर दिया है। पढ़ें डोटासरा के दौरे से जुड़ी दो खबरें।
भादू ने किया चौथी जगह पर स्वागत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने पर झंवर बस स्टैण्ड पर हेतराम जाखड द्वारा, गणपति धर्मकांटे पर मंगलाराम गोदारा द्वारा एवं यूथ कांग्रेस कार्यालय पर हरिराम बाना द्वारा स्वागत किया गया था एवं स्वागत का चौथा कार्यक्रम जोधासर में शाही पैलेस होटल पर कांग्रेस सूडसर ब्लॉक अध्यक्ष श्रीराम भादू की अगुवाई में स्वागत कार्यक्रम किया गया। यहां भादू की अगुवाई में राजेन्द्र बापेऊ, भंवरसिंह चंद्रावत, भंवरनाथ जोधासर, नेतादास स्वामी, मोडाराम महिया, लिखमाराम भादू, जैसाराम नायक, मनफुल धारणियां, फुसाराम सांसी, रामलाल नाहर, मूलाराम गोदारा, हरचंद्र बुडिया, बीरबल सांई, रामचंद्र गोदारा, गणेशनाथ, राजूराम जोधासर, जुगलसिंह, रूपाराम मेघवाल, भैराराम भादू, मगनसिंह, परवतसिंह, सोहनलाल चाहर, राजेन्द्र मूंड बेनीसर आदि ने पार्टी के जयकारे लगाते हुए डोटासरा को मालाएं पहनाई एवं साफा पहनाया।
उठाई जनसमस्याएं, डोटासरा ने दिया संघर्ष का संदेश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविदंसिंह डोटासरा के जयपुर जाते हुए स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। बाना ने डोटासरा को 8 सूत्रीय ज्ञापन देते हुए विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान नाकारा सरकार द्वारा नहीं किए जाने की बात कही एवं विधानसभा में क्षेत्र की इन समस्याओं को उठा कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलवाने की मांग की। बाना ने ज्ञापन में ट्रोमा सेंटर का निर्माण राजनैतिक स्वार्थ के चलते रोकने का आरोप लगाया एवं वर्तमान विधायक पर दानदाताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द निर्माण करवाने की मांग की। बाना ने श्रीडूंगरगढ़ में मूंगफली खरीद में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार की जानकारी देते हुए पारदर्शिता के साथ जल्द से जल्द किसानों की मूंगफली तुलवाने, बस स्टैण्ड की घोषणा गत सरकार द्वारा किए जाने से अवगत करवाते हुए घूमचक्कर के पास गत सरकार के दौरान निर्धारित भूमि पर नहीं बना कर वर्तमान सरकार द्वारा अपने चहेतों को लाभ देने के लिए अभी तक भूमि का कब्जा तक रोड़वेज को नही देने की जानकारी भी दी। बाना ने ज्ञापन में क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालयों में खाली पड़े व्याख्याताओं के पदों को भरवाने, लोहे एवं जर्जर विद्युत पोलों को बदलवाने, गांव धीरदेसर चोटियान में चल रहे अवैध शराब ठेके को बंद करवाने एवं शराब बंदी के लिए मतदान करवाने, बीदासर रोड़ पर रेलवे ओवरब्रिज जल्द से जल्द बनवाने की मांग की गई है।




