






वयोवृद्ध धर्मचंद ने कहा युवा पीढ़ी चेतो, लगाओ पौधे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बढ़ती गर्मी और घटती बरसात पर चिंता जताते हुए स्वर्णकार समाज के 98 वर्षीय बुजुर्ग धर्मचंद मोसूण ने समाज को चेत जाने की बात रविवार को सनातन श्मशान भूमि में पौधारोपण करते हुए कही। मोसूण ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के युवा व किशोर अब पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी अपने कंधो पर लेंगे तभी धरती सुरक्षित रह सकेगी। उन्होंने श्मशान भूमि का भ्रमण करते हुए पौधा लगाकर स्वर्णकार समाज को भी पर्यावरण के प्रति सक्रिय दायित्व निभाने की अपील की। मुक्तिधाम समिति के कोषाध्यक्ष बाबूलाल सहदेवड़ा ने बताया कि स्वर्णकार समाज के वयोवृद्ध धर्मचंद ने इस उम्र में जागरूकता का परिचय देते हुए कट रहें खेजड़ी के वृक्षों व घटती हरियाली, सोलर से बढ़ती गर्मी के कारण समाज के भविष्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने चर्चा में मानव जीवन के लिए वृक्षों की जरूरत बताई। इस दौरान समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहें।

जयकारों के साथ रवाना हुआ गोगामेड़ी का पैदल यात्री संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भादवा माह प्रारंभ होते ही मेलो मगरियों का उत्साह हर गांव में छा जाता है। गांव गली व लोक देवताओं के मंदिरों व देवरों के रास्तों में भक्ति का ज्वार उमड़ता नजर आने लगता है। रविवार सुबह गांव दुलचासर में स्थित गोगामेड़ी से नाचते गाते धूमधाम से लोक देवता गोगाजी महाराज की गोगामेड़ी के लिए पैदल यात्री संघ रवाना हुआ। ग्रामीणों ने खूब जयकारे लगाए और पदयात्रियों को शुभकामनाएं दी। मेड़ी के भक्त मूलाराम नायक ने ध्वजा का पूजन करवाया व ज्योत आरती संपन्न करवाते हुए संघ को रवाना किया। संघ अध्यक्ष भैराराम नायक, बबलू नायक, प्रेम महिया, उमानाराम नायक, नारायणराम नायक, भंवरलाल महिया, सीताराम महिया, मुखराम नायक सहित अनेक श्रद्धालु शामिल है। अनेक श्रद्धालु गांव की सीमा तक संघ के साथ आए व संघ को रवानगी दी।




