






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितंबर 2022। कस्बे में एक गर्भवती के साथ निजी अस्पताल में एक सुखद अनुभव हुआ है। निजी अस्पतालों के लिए जानबूझ के सिजेरियन करने के अपयश को सभी सुनते कहते रहते है परन्तु कस्बे में सिजेरियन के लिए बीकानेर रेफर कर दिए जाने के बाद एक निजी अस्पताल की अनुभवी महिला डॉक्टर ने नॉर्मल डिलेवरी करवाई है। जिसके लिए प्रसूता के परिजनों ने अस्पताल स्टॉफ व प्रबंधन का बार बार आभार जताया है। प्रसूता अनिता पत्नी मदनसिंह गांव तोलियासर ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि 21 सितंबर को उसे प्रसव पीड़ा प्रारंभ होने पर सुबह 6 बजे परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां नॉर्मल डिलेवरी के लिए प्रयास किए गए परंतु बच्चे द्वारा गर्भ में एमएसएल करने से गंदा पानी हो गया और स्टॉफ ने शाम 4.30बजे सिजेरियन के लिए तुरंत बीकानेर रेफर कर दिया। परिजनों ने बीकानेर जाने की असुविधा व ऐसी स्थिति में लगने वाले समय को देखते हुए प्रसूता को धनवंतरी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर ले जाना उचित समझा। यहां डॉक्टर अदिति राय ने ऐसी स्थिति में भी नॉर्मल डिलेवरी के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया और परिजनों से इसकी अनुमति ली। डॉक्टर ने अपने स्टॉफ के साथ मिलकर नॉर्मल डिलेवरी करवाते हुए शाम 6 बजे स्वस्थ जच्चा बच्चा की सूचना परिजनों को दी। इस पर साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रसूता व उसके परिजनों ने बार बार डॉक्टर का आभार जताया। बिग्गाबास रामसरा निवासी अस्पताल के संचालक ने बताया कि हमारा लक्ष्य क्षेत्र के नागरिकों को रियायती दरों पर अच्छा ईलाज मुहैया करवाना है ताकि उन्हें भाग कर बीकानेर नहीं जाना पड़े और उनके समय व साधन की बचत हो सकें।




