






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2023। आज मोमासर बास में विशाल धार्मिक आयोजन श्रीकरणी कथा के रूप में प्रारंभ हो गया है। आज सुबह करणी मंदिर से गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई जिसमें झांकियां भी सजाई गई। करणी भजनों व जयकारों के साथ यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए कथा स्थल पर पहुंच कर पूर्ण हुई। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लिया। कथा वाचक डॉ करणी प्रताप सिंह ने कथा के पहले दिन करणी माँ के अवतरण व शक्ति के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन किया। इस दौरान किन्नू बन्ना ने सुदंर भजनों की प्रस्तुतियां देकर पांडाल में माहौल भक्तिमय कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा में भाग लिया। आयोजक मंडल के सदस्यों ने बताया कि गौसेवार्थ आयोजित करणी कथा में कस्बे के सभी मोहल्लों से श्रद्धालु भाग ले रहें है।

कोटासर में भागवत में नशा मुक्ति का संदेश दिया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। युवा शक्ति हो या महिलाएं पुरूष नशे की गिरफ्त में अपना धन, शरीर, समय का नाश कर बड़ी बड़ी बीमारियों को निमत्रंण देते है। नशा करने वाले लोग नशे का त्याग कर अपने घर परिवार व बच्चों के लिए अपनी ऊर्जा का सकारात्मक प्रयोग करें वे संतान को ही नहीं समाज को भी प्रेरणा दे सकते है। ये संदेश आज गांव कोटासर में भोमियाजी मंदिर में आयोजित भागवत कथा में पंडित चंद्रमोहन ने उपस्थित श्रद्धालुओं से कही। उन्होंने कहा कि व्यक्ति नशा ना केवल स्वयं छोडें वरन अपने आस पास नशा करें उनसे भी नशा छुड़वाने का प्रयास करें। तीसरे दिन की कथाओं का वर्णन करते हुए भजनों की प्रस्तुतियां भी हुई। इस दौरान दुसारना के पूर्व सरपंच भंवरलाल गोदारा, तोलाराम गोदारा, सांवतसर के मोखराम, मन्नीराम धारणियां सहित अनेक श्रद्धालुओं ने कथा में भाग लिया।

भागवत की पूर्णाहुति में दी आहुतियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालू बास में शनि मंदिर के पास आयोजित भागवत कथा में राजगुरू रामदेव उपाध्याय द्वारा भावगत के सभी प्रसंगो का भक्तिपूर्ण वर्णन किया गया। गुरूवार को कथा पूर्ण हुई व आज राजगुरू देवीलाल उपाध्याय के पांडित्य में पूर्णाहुति हवन का आयोजन संपन्न हुआ। मोदी परिवार द्वारा आयोजित कथा में परिवार के सभी सदस्यों ने हवन में आहुतियां दी। आयोजक परिवार ने सभी का आभार जताया।




