






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 नवंबर 2025। सरकारी खरीद के लिए वंचित किसानों के पंजीयन हेतु राजफैड का पंजीयन पोर्टल पुन: खोले जाने की मांग विभिन्न स्तरों पर उठने लगी है। मंगलवार को अखिल भारतीय किसान सभा की स्थानीय इकाई के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी से मुलाकात की और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। सभा के नेता व क्रय विक्रय सहकारी समिति में सदस्य मोहनलाल भादू ने कहा कि मूंगफली व मूंग के बंद पोर्टल को पुन: खोला जाए जिससे वंचित किसान अपना पंजीयन करवा सकें। मंडल सदस्यों ने समर्थन मूल्य पर फसल खरीद शुरू करने, बाजार में मूंगफली सहित सभी फसलें कम दामों में बिक रही है इसलिए खरीद लक्ष्य बढ़ाए जाने, खरीद के लिए जनआधार, गिरदावरी, बटाईदार, ओटीपी, आदि सभी शर्तें पहले से लागू है, तो बिजली बिल की नई शर्त जोड़ने का फैसला अव्यवहारिक है, इसको निरस्त करने, गिरदावरी सत्यापन कर ऑफलाइन गिरदावारी तहसीलदार द्वारा जारी करने की मांगे रखी। वहीं मंडी सदस्यों ने बताया कि पिछले वर्ष सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंगफली को इस सीजन में बाजार में बेचा जा रहा है जिससे बाजार भाव में गिरावट आ गई है व किसानों को लाखों का नुकसान हो रहा है। इसलिए सरकारी मूंगफली को ऑफसीजन में बेचा जाए, अभी बेचान तुरंत बंद करने की मांग की गई। इस मौके पर किसान सभा के सत्तुनाथ सिद्ध, मुकेश ज्याणी, सरपंच सुनील मेघवाल, उपसरपंच लालचंद सारण, जगदीश जाखड़, गौरव टाडा, भानी सिंह भाटी, मदनलाल प्रजापत, सुभाष जावा, रामकिशन गावड़िया सहित अनेक किसान उपस्थित रहें।




