






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 नवम्बर 2025। देश के किसानों का दुर्भाग्य है कि गुजरात के दो व्यापारी किसानों की आय दुगुना करने का झांसा देकर वर्ष 2014 से लेकर लगातार सत्ता में बने हुए है। देश के प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री ने अपने उद्योगपति दोस्तों को फायदा देने के लिए ऐसी नीतियां लागू की है, जिससे किसानों की आय दुगुनी होने के बजाए लागत चार गुना कर दी है। ऐसे में खेती एवं किसानी घाटे का सौदा बन गई है, और धरती पुत्रों का मोह खेती से भंग हो रहा है। यही सरकारें चाहती है ताकि किसान अपनी जमीनें बेच कर कम्पनियों के मजदूर बन जाएं। यह आरोप मंगलवार को कांग्रेसी नेता हरिराम बाना ने लगाए, बाना ने श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा इस स्थिति का खुल कर विरोध करने के लिए किसानों में जन जागरण अभियान चलाने की घोषणा की। बाना ने प्रेस कान्फ्रेंस का आयोजन किया एवं मूंगफली, मोठ, ग्वार, बाजरी, मूंग, गेंहू आदि की लागत विस्तार से समझाते हुए इस वर्ष के भावों के अनुसार लागत निकालने पर प्रति बीघा किसानों को सभी उपज पर घाटा होने की बात कही। बाना ने इस स्थिति के खिलाफ जन जागरण करते हुए हर खेत, हर ढाणी तक यह घाटे का हिसाब पहुंचाने एवं किसानों से पार्टी, जाति, संगठन भेद छोड़ कर केवल किसानी एवं किसानों के बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष में साथ देने का आह्वान करने की बात कही। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध लिखमादेसर ने सरकार को तो कपंनियों का एंजेट बन कर काम करने का आरोप लगाया एवं ऐसी स्थिति लगातार रहने पर आने वाले भविष्य में जमीनें कम्पनियों को बेचने एवं किसानों के बेटों का उन्हीं कम्पनियों में मजदूर बन जाने की बात कही। पूर्व प्रधान भागूराम सहू ने किसानों की दयनीय स्थिति बताते हुए सरकार से त्वरित प्रभाव से इस जन जागरण अभियान के तहत की गई मांगों को पूर्ण करने की आवश्यकता जताई। जिला कांग्रेस कमेटी सचिव सोहनलाल महिया ने गिरदावरी जांच के नाम पर सर्मथन मूल्य पर खरीद को अटकाने का आरोप लगाया एवं जांच का आधार तय करते हुए जल्द खरीद शुरू करवाने की मांग की। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के रामेश्वरदास स्वामी जाखासर ने बाड़मेर का उदाहरण देते हुए वहां पर पहले किसानों को लोन देने एवं फिर आय बंद करने से 80 प्रतिशत से अधिक किसानों द्वारा अपनी जमीनें कम्पनियों को बेचने पर मजबूर होने की बात कही। पूर्व पंचायत समिति सदस्य ने किसानों को ही क्षेत्र की रीढ़ बताते हुए आज किसानों के संकट के समय पर सभी से साथ देने की अपील की। यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा ने बारानी किसानों की आवाज उठाते हुए ग्वार, मोठ की सर्मथन मूल्य पर खरीद जरूरी बताई। कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मूलचंद स्वामी, मोहसीन खान, विक्रम प्रजापत, पदमाराम बाना आदि भी मौजूद रहे। कांफ्रेंस के बाद कांग्रेस नेताओं ने हरिराम बाना की अगुवाई में एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को चेतावनी पत्र दिया एवं इस चेतावनी पत्र में 11 सुत्रीय मांगों को उठाते हुए जल्द से जल्द किसानों की समस्याओं का समधान करने की मांग की। इसके अभाव में बड़ा प्रदर्शन करने की चेतावनी भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी है।
संघर्ष के साथी बनने की अपील, उठाई यह मांगें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खेती बचाओ, किसानी बचाओ जनजागरण अभियान के तहत कांग्रेस नेता हरिराम बाना ने क्षेत्र के किसानों से किसानी बचाने के किसी भी मूवमेंट में साथ देने का आह्वान किया है। बाना ने इस संबध में संघर्ष करने वाले प्रत्येक नेता, प्रत्येक संगठन का साथ बिना किसी राजनीति भेद के, बिना किसी जाति व संगठन भेद के देने की अपील क्षेत्र के समस्त किसानों से की है। बाना ने बताया कि इस अभियान के तहत सरकार को चेतावनी देते हुए 11 सुत्रीय मांगपत्र भी दिया गया है। जिसमें किसानों की सम्पूर्ण उपज को सर्मथन मूल्य पर खरीदने, मूंगफली एवं मूंग की सर्मथन मूल्य पर खरीद तुंरत प्रभाव से शुरू करने, सभी किसानों का सरकारी खरीद में नम्बर आ सके इसके लिए खरीद लक्ष्य बढ़ाने एवं पंजीयन से वंचित किसानों का पंजीयन करने के लिए राजफैड़ का पोर्टल फिर से शुरू करने, ग्वार मोठ पर भी एमएसपी लागू करने, इस वर्ष कम उपज एवं कम भावों के कारण सभी किसानों का बिजली का बिल माफ करने, खराबा वाले खेतों के किसानों को मुआवजा, बीमा क्लेम देने, गत वर्ष की सर्मथन मूल्य पर खरीदी गई मूंगफली को अब सरकार द्वारा बाजार में बेचने पर रोक लगाने, टयुबवैल वाले किसान द्वारा अपने पडौसी खेत में काश्त करने पर उसकी मूंगफली भी सर्मथन मूल्य पर तुलवाई करने, बिजली बिल में नाम परिवर्तन नहीं करवा पा सकने वाले किसानों का पूर्ववर्ती बिल पर तुलवाई करवाने एवं यूरिया डीएपी की किल्लत को दूर कर सभी किसानों को रबी की फसल बुवाई के लिए जरूरत अनुसार उपलब्ध करवाने की मांगें की गई है। बाना ने बताया कि इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो कांग्रेस द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।




