May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 दिसम्बर 2021। कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, किसी फिल्म का यह डायलॉग बुधवार को शत प्रतिशत सही साबित हुआ है। पूरी पुलिस टीम आपसी समन्वय से किसी भी अपराध को रोकने और घटित हो गए अपराध के दोषियों को पकड़ने में माहिर है। यही देखने को मिला है श्रीडूंगरगढ़ में सरपंच पति के साथ हुई लूट के मामले में। इसमें श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की सक्रियता और बीकानेर सदर थाना पुलिस, डीएसटी टीम व साइबर सेल का सहयोग मिला तो चंद घंटों में अपराधी सलाखों के पीछे पहुंच गए। इस मामले में पीड़ित सरपंच पति द्वारा थाने पहुंच कर मुकदमा दर्ज करवाने की फॉर्मिलिटी करने से पहले ही पुलिस ने इन शातिर लुटेरों को धर दबोचा। दोपहर करीब 2.50 बजे कस्बे के झंवर बस स्टैंड पर हुई इस वारदात का मुकदमा रात 11.30 बजे दर्ज करवाया गया और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने इससे पहले ही आरोपियों को पकड़ लिया। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठकों के लिए टाइम्स ने इस पूरी घटना की इनसाइड स्टोरी निकाली है और आगे की खबर में आप भी पढें पूरी वारदात और पुलिस की सफलता की ये कहानी।

टोल प्लाजा बना महत्वपूर्ण, साइबर सेल ने दिखाया रास्ता तथा कांस्टेबल पुनीत ने जोड़ी कड़ी से कड़ी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ में वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग छुटे थे। इनकी तलाश में श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने त्वरित रूप से अलग अलग टीमों का गठन कर अलग अलग दिशा में दौड़ाया। पहली टीम को लीड कर रहे कांस्टेबल पुनीत कुमार लखासर टोल प्लाजा पहुंचे और वहां की रिकार्डिंग देखी। रिकार्डिंग के दौरान काली पल्सर पर 2 जने बीकानेर से आते नजर आए व उनके साथ ही एक गाड़ी भी टोल से निकलते हुए ट्रेस की गई। तभी पुनीत के पास जानकारी आती है कि करीब 1 बजे बीकानेर सदर थाना क्षेत्र में भी के ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया गया है। इस वारदात के बाद बीकानेर से भागते हुए ये अपराधी 2 जने बाइक पर और एक जना गाड़ी में दिखाई दिया। दोनो घटना की टाइमिंग मैच होने पर दुबारा टोल प्लाजा के सीसीटीवी देखें गए तो गाड़ी की नम्बरा प्लेट टूटी हुई मिली। लेकिन टोल प्लाजा पर फास्टटेग से हुए पेमेंट के कारण पुलिस को लीड हाथ लगी और फास्टटेग से जुड़े मोबाइल नम्बरो के आधार पर लोकेशन निकलवाई गयी।हाइवे पर ही रतनगढ से आगे स्थित टीडियासर टोल प्लाजा के सीसीटीवी भी देखे गए। वहां भी आरोपियों की बाइक और गाड़ी का निकलना दिखा। इस दौरान आरोपियों की लोकेशन लक्ष्मणगढ़ मिली तो लक्ष्मणगढ़ पुलिस को सूचना देते हुए श्रीडूंगरगढ़ पुलिस लक्ष्मणगढ़ के लिए रवाना हुई और आरोपियों को गिरफ्तार कर श्रीडूंगरगढ़ ले आई। यहां आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

6 वारदातें कबूली, ओर भी कबुलनामें होने का अंदेशा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पैसे डबल करने वाली लॉटरी के नाम पर जिले भर में इन आरोपियों ने छह वारदातों को अंजाम दे दिया था। अलवर के रहने वाले इन बदमाशों ने पिछले तीन दिनों में नापासर, नोखा, बीकानेर सदर थाना व श्रीडूंगरगढ़ में चार जनों से दो दो लाख की लूट की। इससे पहले गत 27 नवंबर को बीकानेर अनाज मंडी में मूंगफली खरीदने आए यूपी के व्यापारी राजकुमार गुप्ता से पुलिस बनकर चैकिंग के नाम पर सवा दो लाख की लूट भी इन्ही बदमाशो ने की थी। बताया जा रहा है कि इन बदमाशों ने गत 24 नवंबर को गंगाशहर में भी दो लाख की ठगी की थी। हालांकि गंगाशहर की वारदात की पुलिस तस्दीक अभी नहीं हुई है। इन छह वारदातों में करीब 12 लाख की लूट इन आरोपियों ने कर ली थी लेकिन पकड़े जाने के दौरान आरोपियों से 6.30 लाख बरामद किए गए हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि इस गैंग में पकड़े गए बदमाशों के अतिरिक्त और भी बदमाश शामिल हो सकते हैं। गत 27 नवम्बर को अनाज मंडी में हुई वारदात में चार बदमाशो के शामिल होने,बाइक भी ब्लैक पल्सर ना होकर लाल रंग की होने के कारण पुलिस की इस आशंका को ओर बल मिल रहा है।

इन्होंने दिलाया पुलिस को गर्व।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एसपी योगेश यादव के निर्देशन में कुछ ही घंटों में सीकर के लक्ष्मणगढ़ से तीनों बदमाशों को दबोचने वाली पुलिस टीम में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण सहित कांस्टेबल पुनीत कुमार, सेवानन्द, हरफूल यादव तथा बीकानेर सदर थाना के थानाधिकारी सत्यनारायण गोदारा, हैड कांस्टेबल साहबराम डूडी व लक्ष्मण, बीछवाल थाना के थानाधिकारी मनोज शर्मा, हैड कांस्टेबल साईबर सैल दीपक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की गिरफ्त में शातिर लुटेरे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तीनों आरोपी दुगने करने के लालच में डाल करते थे लूट।