May 21, 2026
0000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जून 2025। आस-पास की खास खबर में खबर लूणकरणसर के चक 282 आरडी से आई है। यहां एक काश्तकार हरूनाथ के कच्चे मकान की छत बारिश के कारण सुबह अचानक तेज आवाज के साथ ढह गई। जिससे अंदर सो रही एक सात माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के समय बच्ची को छोड़कर घर के सभी सदस्य घर से बाहर थे। छत गिरने से घर का सारा सामान मलबे के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही हल्का पटवारी मौके पर पहुंची और मौका रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार को सौंपी है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद और मुआवजे की मांग की है। छत गिरते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला। घर के अंदर रखा बैड, अलमारी, कुर्सियां, ड्रेसिंग टेबल, कपड़े, बिस्तर, अनाज, इनवेटर, टीवी सहित अन्य सामान सब मलबे में दब गया है। घायल बच्ची को तुरंत लूणकरणसर अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार चल रहा है। हरूनाथ ने बताया- वह हिस्से पर खेत लेकर काश्त करता है और उसी से परिवार का पालन-पोषण करता है। अब मकान की छत पूरी तरह गिर चुकी है और रहने के लिए जगह भी नहीं बची है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उनके परिवार को आर्थिक मदद दी जाए, ताकि वह छत दोबारा बनवा सकें।