May 21, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितबंर 2022। श्रीडूंगरगढ़ की बेटी तारा लूणिया आसक्ति के मार्ग को छोड़ कर विरक्ति के मार्ग पर चलने को आतुर है। अध्यात्म पथ की ओर अग्रसर तारा की दीक्षा से पूर्व परिजनों व समाज द्वारा उत्सव मनाया जा रहा है और उत्साह के साथ आज तारा दीक्षा महोत्सव प्रारंभ हो गया है। युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी द्वारा 9 सितबंर को छापर में मुमुक्षु तारा को दीक्षा दी जाएगी। श्रीडूंगरगढ़ में आज जैन श्वेताबंर समाज में त्योहार का सा माहौल नजर आया। कस्बे के निवासी और काठमांडू प्रवासी प्रेमदेवी व हनुमानमल लूणिया की पुत्री 25 वर्षीय मुमुक्षु तारा लूणिया सासांरिक जीवन का त्याग कर वैराग्य जीवन में प्रवेश करने जा रही है। श्रीजैन श्वेताबंर तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद व अणुव्रत समिति द्वारा मुमुक्षु तारा की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया व यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए मालू भवन पहुंची।

ग्रेजुएशन की छात्रा, कल होगा मंगलभावना समारोह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 27 मार्च 1997 में जन्मी 25 वर्षीय मुमुक्षु तारा लूणिया बीए की छात्रा है। तारा 12वीं के बाद जैन धर्म की शिक्षा व संस्कृत में डिप्लोमाधारी है। साध्वी चरितार्थ प्रभा के सान्निध्य में समाज द्वारा कल सुबह 9.30 बजे मालू भवन में तारा के लिए मंगलभावना समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में समाज के गणमान्य नागरिक उनके अध्यात्म पथ के लिए शुभकामनाएं देंगे। परिवार सहित तारा 7 सितबंर को छापर के लिए रवाना होगी। विवाह के समय बेटी के लिए जो भी नेकचार किए जाते है वे सभी करने के बाद 9 सितबंर को आचार्यश्री द्वारा उन्हें दीक्षा ग्रहण करवाई जाएगी। यहां आचार्य द्वारा उन्हें नया नाम दिया जाएगा। तारा के परिवार सहित सभी रिश्तेदार व समाज के नागरिक छापर में उनके दीक्षांत कार्यक्रम में भाग लेंगे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुमुक्षु तारा लूणिया की शोभायात्रा मालू भवन पहुंची।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ महिला मंडल व कन्या मंडल ने महिला मंडल भवन के आगे मुमुक्षु तारा का स्वागत किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सभा अध्यक्ष विजयराज सेठिया सहित समाज के नागरिकों ने तारा को दी शुभकामनाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महिला मंडल अध्यक्षा व मंत्री ने किया मुमुक्षु तारा का तिलक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शोभायात्रा में समाज बंधुओं ने की ऊवारनी फेरी।