






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अक्टूबर 2022। महिलाएं घर को घर का रूप देती है और जीवन को हर दृष्टिकोण से समृद्ध बनाने का प्रयास करती है। ऐसे में महिलाओं की क्षमताओं को अवसर नहीं मिल पाता और ऐसा कोई एक प्रयास उन्हें समाज मे अपनी पहचान भी दिला देता है। ये बात साध्वी चरितार्थ प्रभा जी ने तेरापंथ भवन धोलिया नोहरा में तेरापंथ महिला मंडल द्वारा आयोजित श्री उत्सव में कही। साध्वीजी ने कहा कि श्री का अर्थ समृद्धि से जुड़ा है और जीवन में हर दिन उत्साह व सद्कर्म के साथ श्री उत्सव मनाए जिससे जीवन समृद्ध हो। साध्वी जी ने मंगल पाठ सुना कर सभी को शुभकामनाएं देते हुए श्री उत्सव को प्रारंभ किया। उन्होंने सभी दुकानों का अवलोकन किया व महिला उद्यमी को बधाई दी। यहां झिणकार देवी बोथरा ने महिलाओं को मेहनत करने व अपनी कला को नए आयाम देने की प्रेरणा दी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष मंजू बोथरा, मंत्री मंजू झाबक, उपाध्यक्ष मधु झाबक, दीपमाला डागा सहित अनेक मंडल सदस्य महिलाएं व कन्या मण्डल की युवतियां उपस्थित रही।
हाथों से बने सामान की प्रदर्शनी, सस्ती दरों पर उपलब्ध।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री उत्सव में हाथों से बने अनेक उत्पादों की प्रदर्शनी सजाई गई है। बनीप्रास की प्रतिनिधि प्रेम पुगलिया ने बताया कि श्री उत्सव महिला उद्यमियों को एक मंच देने का प्रयास है जिससे उन्हें संबल मिले व रोजगार से जोड़ने का एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि उच्च क्वालिटी के विभिन्न कपड़े सस्ती दरों में उपलब्ध करवाए जा रहें है। इसके साथ ही गोटा पत्ती व मोतियों का हाथ से बना सामान मिल रहा है। केमिकल फ्री साबुन व सौंदर्य प्रसाधन, बड़ी पापड़, चुरी, खाटा सहित अनेक सामान मिल रहे है। खाने पीने की अनेक स्टालें लगी है वहीं नागौर की प्रसिद्ध केसर चाय की स्टाल भी ध्यान आकर्षित कर रही है।
शाम को मेंहदी और नेलआर्ट होगा निःशुल्क।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री उत्सव में महिला उद्यमियों ने अनेक स्टालें लगाई है। यहां लक्की ड्रा का आयोजन किया जा रहा है जिसका ड्रा आज देर शाम निकाला जाएगा। शाम को महिलाओं व युवतियों के लिए मेंहदी व नेलआर्ट की सुविधा मंडल की ओर से निःशुल्क दी जाएगी। कन्या मंडल से जुड़ी बालिकाएं व युवतियों इसमें अपनी सेवाएं देगी।
पहुंचे समाजसेवी, बढाया हौसला, दी शुभकामनाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ सभा के अध्यक्ष विजयराज सेठिया ने श्री उत्सव में पहुंच कर महिला उद्यमियों का हौसला बढ़ाया। यहां निर्मल पुगलिया, सत्यव्रत पुगलिया, प्रेम बुच्चा, श्रीगोपाल राठी, बजरंग सेवग, केसरीचंद ने पहुंच कर महिला व्यापारियों को शुभकानाएं देते हुए सामान खरीदे। अनेक नागरिक व महिलाएं उत्साह से उत्सव में भाग लेने पहुंच रही है।















