May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मई 2021। कोरोना काल मे श्रीडूंगरगढ़ वासी ऑक्सीजन की कमी से बेहद जुझ रहे है लेकिन आगामी 2 माह के भीतर श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगने की घोषणा से भविष्य के लिए उम्मीद बंधी है। श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारी लाल महिया ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रंमण के कारण पैदा हुई ऑक्सीजन किल्लत को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अन्य मंत्रियों व सचिवालय अधिकारियों से लगातार संपर्क साधकर श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी में नया ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की मंजूरी दिलवाई गई है। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद दो माह में शुरू होने वाले इस ऑक्सीजन प्लांट की मदद से ऑक्सीजन आपूर्ति में श्रीडूंगरगढ़ आत्मनिर्भर हो जाएगा। राजस्थान सरकार द्वारा दी गई मंजूरी पर श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारीलाल महिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, स्वायत्त शासन मंत्री शांतिलाल धारीवाल व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा का आभार जताया है। श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारीलाल महिया ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी में 42 लाख की लागत से नया ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होगा। इसके लिए राज्य सरकार ने निविदा जारी कर दो माह में काम पूरा करने के आदेश दिए है। विधायक महिया ने बताया कि इस ऑक्जीजन प्लांट में 45 सिलेंडर के बराबर ऑक्सीजन क्षमता होगी और प्रतिदिन 100 बेड तक सीधी ऑक्सीजन सप्लाई मिलेगी। इसकी स्थापना के बाद श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ऑक्सीजन की किल्लत दूर हो जाएगी। क्षेत्रवासियों ने भी स्थानीय विधायक गिरधारीलाल महिया का आभार जताते हुए कहा है कि इस ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के बाद गंभीर रोगियों को ऑक्सीजन की कमी से जान नहीं गंवानी पड़ेगी। बता दें कि श्रीडूंगरगढ़ में कोरोना का संक्रमण बढ़ने के बाद श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय में पैदा हुई ऑक्सीजन किल्लत को दूर करने एवं स्वयंसेवी संस्थाओं व निजी अस्पतालों के खाली सिलेंडरों की रिफिलिंग करने की मांग को लेकर श्रीडूंगरगढ़ विधायक लगातार प्रयासरत थे। विधायक महिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व सचिवालय अधिकारियों से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए पारदर्शी व समुचित व्यवस्था रखने हेतु उपखंड स्तर पर नया ऑक्सीजन प्लांट लगवाने की मांग की थी। जिस पर राजस्थान सरकार ने मुहर लगाई है।