May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2023। श्रीडूंगरगढ़ में नगरपालिका के नए भवन के निर्माणकर्ता व गवर्मेंट गर्ल्स कॉलेज भवन निर्माता, कालूरोड भव्य शिवद्वार निर्माता भामाशाह जतन पारख ने श्रीडूंगरगढ़ अंचल में 21 शिवालयों का निर्माण करवा दिया है। जयपुर रोड स्थित बॉम्बे कॉलोनी में नवनिर्मित 21वें शिव मंदिर का लोकार्पण आज स्वयं पारख ने पूरे विधि विधान से किया। पंडित गोपाल उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिवालय उद्घाटन का पूजन संपन्न करवाया। कार्यक्रम में पारख ने जीवन को शिव कृपा बताते हुए जीवन सार शिव भक्ति को बताया। उन्होंने नित्य जीवन में शिव अराधना के लिए जरूर समय देने का आह्वान उपस्थित नागरिकों से किया और कहा कि इससे जीवन में शांति, आत्मिक बल व सात्विकता बढ़ेगी। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में कॉलोनी वासियों ने भामाशाह पारख का सम्मान किया। कार्यक्रम में निर्मल डागा ने पारख को निस्वार्थ शिवभक्त बताते हुए शिव मंदिरों के निर्माण के लिए उनका आभार जताया। डागा ने बताया कि पारख ने अब तक 21 शिव मंदिरों का निर्माण करवाया है और जनसेवा में समर्पित किया है। इस दौरान निर्मल डागा, आपणो सेवा समिति अध्यक्ष मनोज डागा का साफा व फुलमाला पहनाकर स्वागत, सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए सत्यनारायण स्वामी ने पारख के जनहितकार्यों के बारे में जानकारी दी व ओर भी शिव मंदिर बनवाने की इच्छा की जानकारी देते हुए सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में सीताराम सुथार, गोविंद सुथार, पवन सुथार, घनश्याम सुथार, नरपत माली, राज सुथार सहित अनेक नागरिक शामिल हुए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अनेक प्रबुद्धजनों ने पारख का मंदिर निर्माण के लिए जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 21वें शिवालय का लोकार्पण किया भामाशाह जतन पारख ने, नागरिकों ने किया सम्मान।