






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 मार्च 2022। जैन श्वेताम्बर धर्मसंघ की शासन माता साध्वी प्रमुखा कनकप्रभा जी की स्मृति सभा का आयोजन मालू भवन में शनिवार को किया गया। यहां साध्वी कनकरेखा, साध्वी पावनप्रभा व सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी चरितार्थप्रभा के सान्निध्य में आयोजित हुई जिसमें धर्मसंघ की साध्वियों व श्रावक-श्राविकाएं सम्मिलित हुई। साध्वी कृतार्थप्रभा ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया व साध्वी विवेकश्री, साध्वी सम्पत प्रभा, साध्वी पुनीत प्रभा, साध्वी ऋजुप्रज्ञा, साध्वी सुलेखाश्री, साध्वी सरसप्रभा, साध्वी ललितरेखा, साध्वी संवरविभा, साध्वी कृष्णा कुमारी, साध्वी रम्य प्रभा ने अपनी भावनाएं प्रकट करते हुए शासन माता को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। साध्वी-वृन्द द्वारा सामूहिक गीतिका का संगान किया गया। साध्वियों ने कनकप्रभा के व्यक्तित्व एवं कर्तृत्व पर प्रकाश डालते हुए उनसे सदैव प्रेरणा लेने की बात कही। स्मृति सभा में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, श्रीडूंगरगढ़ के मंत्री अभिजीत पुगलिया, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की संरक्षिका ‘नारी-रत्न’ शांता देवी पुगलिया, तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री मंजू देवी झाबक, तेरापंथ युवक परिषद् के मंत्री प्रदीप कुमार पुगलिया, अणुव्रत समिति के उपाध्यक्ष पवन कुमार सेठिया ने विचार प्रकट करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रावक श्राविकाओं ने शासन माता के उत्तरोत्तर आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामनाएं की। स्मृति सभा का संचालन मधु झाबक ने किया।
इस दौरान समाज के श्रावक नेमचंद डागा का संथारा पूर्वक देहावसान होने पर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी गयी। डागा के परिजनों ने उनकी स्मृति में गीतिका का संगान किया तथा आचार्य महाश्रमण जी द्वारा प्रदत्त सन्देश का वाचन सभा के कोषाध्यक्ष कमल कुमार बोथरा ने किया। इस अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष संगीता देवी दूगड़ एवं ललित डागा ने सभी का आभार प्रकट करते हुए विचार व्यक्त किए।





