May 21, 2026
26jan

श्री डूंगरगढ़ टाइम्स 16 जुलाई 2022। कहते हैं कि ऊपर राम और नीचे राज, दोनों ही आमजन का भला बुरा करने में सक्षम होते हैं। इसीलिए आमजन विपदा में गुहार लगाते हैं कि हे रामजी अब तो सुनो। लेकिन श्रीडूंगरगढ़ की जनता को शहर के राज नगरपालिका से गुहार लगानी पड़ रही है कि हे पालिका अब तो सुनो। कस्बे में लगातार हो रही वर्षा से हालत खराब है और पालिका की उदासीन कार्यशैली से खराब हालात और बद्तर हो रहे हैं। नगरपालिका द्वारा उफनते नालों की सफाई करने के लिए चैम्बर खोले जा रहे हैं लेकिन वापस बन्द करना किसी को याद नहीं। इसके अलावा कस्बे में कई जगहों पर बने ओपन चैम्बर तो पानी ओवरफ्लो होने से दिखते ही नहीं हैं और श्रीडूंगरगढ़ शहर की सड़कें इन दिनों खतरों से भर गई हैं। ऐसे में आये दिन हो रही दुर्घटनाएं कस्बेवासियों के लिए चिंता का विषय है। शुक्रवार को राजा बाजार में एक बाइक खुले चैंबर में गिरी थी वहीं शनिवार को रानी बाजार में एक ट्रक के पिछले टायर चेम्बर में जाने से ट्रक पलटने की कगार पर पहुंच गया। यह तो गनीमत रही के ट्रक पलटते हुए मालू भवन की दीवार पर जा टिका वरना पूरा पलटने से जान-माल का नुकसान भी हो सकता था। कस्बेवासी पालिका प्रसाशन से अभियान चला कर चैम्बर दुरुस्तीकरण, खुले चैम्बरों के ढक्कन लगाने, टूटे हुए क्रास, टूटी नालियां सही करवाने की मांग कर रहे हैं।