






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 मार्च 2023। सभ्य समाज में सामाजिक समरसता जरूरी है क्योंकि देश की प्राण शक्ति इस समरसता में ही है। ये भावनात्मक संकल्पना ही मनोवैज्ञानिक स्तर पर एक दूसरे के प्रति अपनत्व की भावना जगाता है। स्नेह उत्पन्न करता है जो भारत के बंधुभाव को प्रकट करता है। ये बात तारातर मठ के महंत प्रतापपुरी जी महाराज ने सेवा भारती द्वारा संचालित बालिका छात्रावास में आयोजित समरसता महायज्ञ के दौरान कही। महायज्ञ में प्रतापपुरी जी महाराज व प्रेमनाथ जी महाराज का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। समिति के प्रांत प्रमुख नटवर लाल ने भी समाज में व्याप्त छुआछूत और कुरीतियों को दूर करने का संदेश दिया। महायज्ञ के आयोजन में समाज के विभिन्न समुदायों के जोड़ों ने हवन किया व यज्ञ में आहुतियां दी। पंडित श्रीशशि देव ने पूजन संपन्न करवाया तथा कार्यक्रम में संघ तथा सेवा भारती के सदस्यों, सेवा धाम के छात्र छात्राओं ने अपना सेवा सहयोग दिया।







