






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितंबर 2024। गणेश चतुर्थी के शुभ दिन से श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा प्रारंभ किए गए इस विशेष कॉलम “आज के विशेष आयोजन” में आप प्रतिदिन सुबह क्षेत्र में होने वाले उसी दिन के खास आयोजनों के बारे में अपडेट हो सकेंगे। वहीं इन आयोजनों में से आपकी रूचि के कार्यक्रमों में भाग लेकर उनका हिस्सा बन सकेंगे, तो जरूर पढें प्रतिदिन का ये विशेष कॉलम..
जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जयपुर पब्लिक स्कूल में रविवार सुबह 9.30 बजे 68वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता 17 वर्षीय बालिका वर्ग का उद्घाटन समारोह पूर्वक होगा। स्कूल के निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन समारोह में उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, जिला शिक्षा अधिकारी गजानंद सेवग, पतंजलि योग पीठ हरिद्वार की योग प्रभारी स्नेहा नारंग, तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं शिक्षा विभाग सहित कस्बे के अनेक गणमान्य लोग उद्घाटन में शामिल होंगे। वहीं स्कूल प्रांगण में शनिवार शाम से टीमों का पहुंचना प्रारंभ हो गया है व अनेक टीमें रविवार सुबह पहुंच कर कबड्डी में भाग लेंगे। स्कूल का स्टाफ आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटा है।
नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व परामर्श शिविर का होगा आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेसोमू स्कूल के प्रांगण में शेरमल सोनादेवी चेरीटेबल ट्रस्ट, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं जांच शिविर का आज सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव गोम्बर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी गोम्बर सहित तुलसी मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर से कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. अंकित स्वामी, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित बंसल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमिता कुमारी, दंत रोग चिकित्सक डॉ. गौरव सिंघल सहित डॉ परमेश्वर भादू अपनी सेवाएं देंगे। ट्रस्टी सदस्यों ने जांच के लिए मरीज को साथ लेकर आने व शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
हरिराम जी मंदिर में दो दिवसीय जागरण का दूसरा दिन आज, भरेगा मेला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गा बास स्थित हरिराम जी मंदिर प्रांगण में बीती रात ओमजी शर्मा एडं पार्टी ने भजनों की प्रस्तुतियां दी और श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में गोते लगाए। आज पंचमी को सुबह से ही मंदिर में धार्मिक आयोजन होंगे। विशेष ज्योत आरती के साथ बाबा का पूजन होगा। दिनभर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच कर दर्शन करेंगे और मंदिर प्रांगण में मेला भरेगा। वहीं पुजारी किशोर गिरी ने बताया कि रविवार रात्रि भी जागरण का आयोजन होगा जिसमें जगदीश भार्गव एडं पार्टी द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। गिरी परिवार सहित मंदिर समिति सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे है।
दुलचासर से खरनाल रवाना होगा संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वीर तेजाजी के दर्शनार्थ रविवार शाम 4 बजे दुलचासर से पैदल यात्री संघ नागौर के खरनाल के लिए रवाना होगा। संघ सदस्य धूमधाम से रवानगी की तैयारी में जुटें है।



