






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 दिसम्बर 2024। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 5 खास खबरें एक साथ।
जूडो में नेशनल लेवल पर दम दिखाएगी क्षेत्र की बेटी, बढ़ाया गौरव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव साधासर की बेटी एवं क्षेत्र के गांव गांव ठुकरियासर की भानजी ममता पुत्री आदुनाथ सिद्ध तर्ड का चयन स्कूली नेशनल जुडो प्रतियोगिता के लिए अंतिम रूप से हो गया है। ममता ने पूर्व में श्रीगंगानगर में आयोजित हुई 68वीं राज्य स्तरीय स्कूली प्रतियोगिता में 19 वर्ष आयुवर्ग एवं 63 किलो भार वर्ग में गोल्ड मैडल प्राप्त किया था एवं उसके बाद नेशनल के लिए भरतपुर में क्वालिंगफाईंग मुकाबले आयोजित किए गए। भरतपुर में आयोजित इस क्वालिफाईिंग मुकाबले में स्टेट सिल्वर मैडलिस्ट अलवर की खिलाड़ी को ममता ने पुन: दो लगातार मैच हराए एवं नेशनल में अपना स्थान पक्का किया। ममता अब राजस्थान की टीम की और से आगामी 17 से 21 दिसम्बर तक पंजाब के में होने वाले नेशनल टुर्नामेंट में अपना दमखम दिखाएगी। ममता की सफलता पर उसके स्कूल राजहसं शिक्षण संस्थान साधासर द्वारा एवं ग्रामीणों द्वारा उसका अभिनंदन किया जा रहा है।

ट्रोमा निर्माण शुरू की मांग पर संघर्ष को बढ़ाया आगे, आज से शुरू किया क्रमिक अनशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में गत सरकार द्वारा घोषित किए गए ट्रोमा सेंटर का निर्माण शुरू करवाने के लिए चल रहे आंदोलन के 51वें दिन क्रमिक अनशन शुरू किया गया। क्रमिक अनशन के पहले दिन ट्रोमा सेंटर निर्माण संघर्ष समिति की और से शहीद हेतराम गोदारा के भाई राजाराम गोदारा एवं राजेन्द्र स्वामी ने एकदिवसीय अनशन किया। ट्रोमा सेंटर जल्द बनाने की मांग पर आंदोलनकारी उपखण्डकार्यालय के सामने धरनास्थल पर सुबह से शाम तक क्रमिक अनशन रख कर अपना विरोध जता रहे है। दिन भर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी धरनास्थल पर पहुंचें एवं आंदोलन को अपना सर्मथन दिया।

जारी है शराबबंदी आंदोलन, नहीं हो रही सुनवाई, बढ़ रहा है रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान में शराबबंदी की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना बुधवार को 94वें दिन भी जारी रहा एवं इतने लंबे समय से धरना चलाने के बाद भी प्रशासन द्वारा सुनवाई नहीं करने के कारण ग्रामीणों में रोष बढ़ रहा है। बुधवार को धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने 94 दिनों से सर्दी व गर्मी में लगातार धरना रखने के बाद भी सरकार द्वारा बहरापन धारण कर लेने को लोकतंत्र की हत्या करने के प्रयास बताया है। बुधवार को धरने पर एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य ने गांव में पूर्णतया शराबंदी नहीं होने तक धरना जारी रखने का आह्वान किया एवं धरने पर पूर्व सरपंच मेघराज चोटिया, पूर्व सरपंच तिलोकाराम, पूर्व सरपंच नारायण कमलिया, ताजाराम मेघवाल, तेजाराम मेघवाल, केशराराम चोटिया, बलवीर चोटिया, चेतनराम चोटिया, किशनलाल चोटिया, राकेश, लक्षणसिंह राजपूत, किशन चोटिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं होंगे, 6759 ग्राम पंचायतों में प्रशासक लगाए जाएंगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत कुछ दिनों से पंचायतों में चुनाव को लेकर जबरदस्त असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। दो दिन पूर्व पंचायत चुनाव कराए जाने का एक फर्जी आदेश भी खूब वायरल हुआ। प्रदेश की 6759 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल जनवरी में पूरा हो जाएगा और इनमें प्रशासक लगाए जाएंगे। प्रदेश वन स्टेट वन इलेक्शन की दिशा में बढ़ रहा है और इसकी शुरूआत यूडीएच में प्रशासक नियुक्त करके कर दी गई है। प्रदेश में 6759 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल जनवरी में पूरा हो जाएगा और इनमें प्रशासक लगाया जाना तय माना जा रहा है। गत दिनों मतदाता सूचियां तैयार करना और चुनाव कार्यक्रम जारी करने में तीन माह का समय लगता है। ऐसे में 6759 ग्राम पंचायतों में चुनाव किसी हाल में संभव नहीं हो सकेंगे। इसी के चलते प्रशासक लगाया जाना तय है। पंचायती राज में इसकी शुरूआत जनवरी से होने जा रही है।
गार्गी अवार्ड के लिए छात्राएं 31 दिसंबर तक कर सकेंगी रजिस्ट्रेशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बालिका शिक्षा फाउंडेशन ने गार्गी अवार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि में एक महीने की बढ़ोतरी की गई है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने से शेष रही राज्य की 1.35 लाख 10वीं व 12वीं कक्षा की छात्राएं अब 31 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। निर्धारित तिथि तक राज्य की 60 प्रतिशत बालिकाएं ही रजिस्ट्रेशन करवा सकी है। ऐसे में छात्राओं के हित में बालिका शिक्षा फाउंडेशन ने शेष रही बालिकाओं को मौका देने के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि अब 31 दिसंबर तक कर दी है6 इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए है। पात्र बालिकाओं को पुरस्कार की राशि का ऑनलाइन भुगतान 2 फरवरी 2025 को बसंत पंचमी के दिन किया जाएगा।



