May 21, 2026
evee

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 5 खास खबरें एक साथ, देखें फोटो भी।

विधायक ने की उर्जा मंत्री नागर से मुलाकात, बताई क्षेत्र की विद्युत समस्याएं।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्रिय विधायक ताराचंद सारस्वत ने बुधवार को जयपुर में उर्जा मंत्री हीरालाल नागर से मुलाकात की एवं क्षेत्र की विद्युत समस्याओं के बारे में बताते हुए जल्द समाधान करवाने की मांग की। सारस्वत ने नागर को श्रीडूंगरगढ़ 220केवी जीएसएस में पावर ट्रांसफारमर की क्षमता बढ़ाने, शेरूणा में प्रस्तावित 220केवी जीएसएस का निर्माण जल्द शुरू करवाने, 132 केवी जाखासर को शुरू करने, श्रीडूंगरगढ़ 132 केवी की श्रीडूंगरगढ़-बादनूं लाईन से 132 केवी ऊपनी को जोड़ने के लिए 11 किलोमीटर एलआईएलओ लाईन जल्द डलवाने, 132 केवी राजपुरा के कार्य को पूर्ण करवाने की मांग की है। नागर ने विधायक को जल्द ही सभी कार्यों को पूर्ण करवाने का आश्वासन दिया गया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उर्जा मंत्री हीरालाल नागर से मिल कर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं की जानकारी देते श्रीडूंगरगढ़ विधायक।

पीएमश्री विद्यालय के बच्चों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, जानी अनेक जानकारियां।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ताल मैदान स्थानी पीएमश्री राउमावि में बुधवार को प्रोजेक्ट इनोवेशन एवं ग्रीन स्कूल के तहत एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। जिसमें विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के 120 विद्यार्थियों ने बीकानेर पहुंच कर बीछवाल नहर, बांध, शुष्क कृषि अनुसंधान केन्द्र, राजस्थान राज्य अभिलेखागार, पब्लिक पार्क, कृषि विश्वविद्यालय, वैष्णों धाम आदि स्थलों का भ्रमण कर शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक जानकारियां प्राप्त की। दल प्रभारी मदनलाल कडवासरा ने बताया कि दल को प्राचार्य डॉ मनीष सैनी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया एवं कृषि विशेषज्ञ डॉ मुकेश कुमार बैरवाल ने बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्यों द्वारा बच्चों को विभिन्न उपयोगी कानूनी जानकारियां दी गई। भ्रमण में स्टाफ संदीप कुमार डूडी, दीपक चौधरी, सोमेंद्र बैंस, प्रदीप कुमार,  दुर्गा डूडी,  कविता चौधरी, रजनी पाटोदिया,  कुसुम चौधरी,  सुरभि पारीक, सुखाराम रैगर, सोनल शर्मा, मुनीराम गोदारा, तुलसा बाई आदि व्यवस्था सहयोग में रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राउमावि के विद्यार्थियों ने लिया शैक्षणिक भ्रमण का लूत्फ, पाई जानकारियां।

उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई गुरूवार को।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रत्येक माह के दूसरे गुरूवार को होने वाली उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई 13 फरवरी को पंचायत समिति सभागार में आयोजित की जाएगी। उपखण्ड़ अधिकारी उमा मित्तल ने बताया कि जनसुनवाई सुबह 10 बजे शुरू होगी एवं शाम 4 बजे तक या जनसुनवाई पुरी होने तक सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रह कर मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण करेगें।

दिवंगत पालिकाकर्मी को दी श्रृद्धांजलि, रखा मौन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नगरपालिका सेवा के कार्मिक एवं सरदारशहर एवं रतनगढ़ नगरपालिका में पदस्थापित लेखाधिकारी अरूण सोनी के मंगलवार को सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु के बाद बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में श्रृद्धांजलि दी गई। बुधवार को पालिका की बजट बैठक शुरू होने से पहले ईओ अविनाश शर्मा द्वारा दो मिनट का मौन करवाया गया एवं उपस्थित कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रृद्धांजलि दी। इस दौरान सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद व्यास, स्वास्थ्य निरीक्षक हरीश गुर्जर, कनिष्ठ लिपिक सूरजभान, जितेन्द्र भोजक, कृष्ण चांवरिया, कुलदीप मलघट आदि कार्मिकों ने संवेदना जताई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दिवंगत पालिकाकर्मी अरूण सोनी, वर्तमान में सरदारशहर एवं रतनगढ़ पालिका में थे पदस्थापित।

विद्यार्थियों को दी नशामुक्ति की प्रेरणा, नारी सुरक्षा एवं नशामुक्ति अभियान में हुआ कार्यक्रम।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर के राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को नारी सुरक्षा एवं नशामुक्ति अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें राष्ट्रीय सेविका समिति की गौरां शर्मा एवं सुमन चौहान ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए अपने परिवार, अपने देश के प्रति अपने कर्तव्य निर्वहन के लिए इससे दूर रहने की प्रेरणा दी। नारी सुरक्षा के लिए किए जा रहे राजकीय एवं सामाजिक प्रबंधों के बारे में भी विचार रखे। प्रभारी अमित तंवर ने आभार जताया एवं पवन कुमार आयोजन सहयागी रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गावं मोमासर के राजकीय महाविद्यालय में बच्चों को नशामुक्ति एवं नारीसुरक्षा पर संबोधन देते वक्ता।