May 21, 2026
evee

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जुलाई 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 4 खास खबरें एक साथ।

विद्यारंभ संस्कार के साथ बच्चों में रोपे संस्कारों के बीज।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्थानीय लर्न एंड फन स्कूल में गुरूवार को गुरू पूर्णिमा के मौके पर अपने जीवन में पहली बार स्कूल आने वाले छोटे छोटे विद्यार्थियों का विद्यारंभ संस्कार समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाध्यापिका विनिता सारस्वत ने बताया कि इस मौके पर वैदिक मंत्रों के साथ बच्चों द्वारा मां सरस्वती का पूजन किया गया एवं प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर बच्चों को हनुमान धोरा मंदिर, ऋषिकुल संस्कृत स्कूल का भ्रमण भी करवाया गया एवं भारतीय संस्कारों के बारे में जानकारियां दी गई। सारस्वत ने बताया कि इस दौरान धीरज पुरोहित, चंचल शर्मा, खुशबु सारस्वत, वर्षा भोजक, विनिता मोटवानी, ममता गुरनाणी, अमन सारस्वत, कोमल सारस्वत, कुमकुम पारीक, आईना नाई आदि शैक्षिक स्टाफ ने भागीदारी निभाई।

तेरापंथ महिला मंडल की दूसरी बार अध्यक्ष बनी कंचन पटावरी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ महिला मंडल मोमासर के चुनाव गुरूवार को संपन्न हुए जिसमें कंचन पटावरी को पुन: अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। मंडल की कार्यसमिति की बैठक में पटावरी के नाम का प्रस्ताव चंदा बोथरा, मंजू संचेती व रेणू संचेती ने रखा एवं किरण पटावरी, गुलाब संचेती, पुष्पा कोठारी ने इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया। पटवारी ने अपनी कार्यसमिति में मंत्री पद की जिम्मेदारी मंजू संचेती को दिया।

मोमासर बास रामदेवरा सेवा समिति की हुई बैठक, 19वीं फेरी 22 अगस्त को।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के मोमासर बास से रामदेवरा सेवा समिति की बैठक करणी माता मंदिर में आयेाजित की गई। संघ अध्यक्ष किशनलाल टाक ने बताया कि इस बार संघ की 19वीं फेरी है एवं रवानगी 22 अगस्त को धूमधाम से होगी। बैठक में संघ कोषाध्यक्ष सांवरमल प्रजापत, व्यवस्थापक मांगीलाल प्रजापत, भागीरथ राठौड, जोराराम कस्वां, राजू लुहार, श्रवण नाई, भोजराज प्रजापत, मुकेश प्रजापत आदि ने व्यवस्थाओं संबधी जिम्मेदारियां आपस में बांटी। संघ 22 अगस्त को सुबह सवा नौ बजे सरकारी चिकित्सालय के पास स्थित रामदेवजी मंदिर से ज्योत कर गाजे बाजे के साथ रवाना होगा।

विवादित भूमि पर ट्रोमा नहीं बने तो शहीद स्मारक बनाने की मांग।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव गुंसाईसर बड़ा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर एवं उपजिला चिकित्सालय के लिए जमीन भी देने एवं बजट भी देने की घोषणा के बाद जगह बदलने के कयास तेज हो गए है। इन्हीं कयासों में राष्ट्रीय शहीद सम्मान समिति के प्रदेशाध्यक्ष सीताराम सिहाग ने जिला कलेक्टर को पत्र देकर श्रीडूंगरगढ़ में नेशनल हाईवे पर स्थित विवादित भूमि पर ट्रोमा सेंटर नहीं बनाने पर शहीद स्मारक बनाने की मांग की गई है। सिहाग ने बताया कि इस भूमि के कारण पूर्व में श्रीडूंगरगढ़ में कई बार साम्प्रदायिक तनाव भी हो चुका है एवं इस भूमि का सार्वजनिक उपयोग होने से ही क्षेत्र में शांति रह सकेगी।