May 20, 2026
00000000000

प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में आज से 7 घंटे बिजली कटौती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान में बिजली संकट फिर से गहरा रहा है। इसके तहत ऊर्जा विभाग ने मंगलवार को औद्योगित क्षेत्रों में बिजली कटौती का निर्णय लिया है। कटौती मंगलवार से लागू होगी और रात 8 बजे से सुबह 3 बजे तक होगी। यह जयपुर, अजमेर व जोधपुर डिस्कॉम में होगी। जयपुर डिस्कॉम ने देर शाम इसके आदेश भी जारी कर दिए। कैप्टिव पावर प्लांट्स व कोल्ड स्टोरेज जैसे उद्योगों को इसमें कटौती के दौरान 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। एनसीआर क्षेत्र पावर कट से मुक्त रहेगा। विभाग ने बिजली की बढ़ी मांग के कारण ऐसा किया है। पिछले वर्ष जून में प्रतिदिन बिजली की मांग करीब 2200 लाख यूनिट हो गई है। ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त सचिव का कहना है कि खपत 20प्रतिशत बढ़ी है। ऐसे में एहतिहात के तौर पर कदम उठाए जा रहें है।
किसानों को सौगात, 10 लाख मीट्रिक टन बाजरा एमएसपी पर खरीदेगी सरकार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसानों के लिए बड़ी खबर भजनलाल शर्मा सरकार की और से आई है। किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रूपए किए जाने के बाद अब एक और बड़ा तोहफा देने जा रही है। पहली बार राज्य में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बाजरा खरीदने की तैयारी कर रही है। एमएसपी पर खरीदा गया बाजरा तीन महीने यानी नवबंर, दिसंबर व जनवरी में खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े 4.46 करोड़ लोगों को गेहूं की एवज में मुफ्त दिया जाएगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है। सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। सब कुछ ठीक रहा है तो आगामी बजट में सरकार बाजरे की खरीद की घोषणा बजट में कर सकती है। सरकार ने इस संबंध में बाजरा कितना उपयोगी है इस बारे में स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट मांगी है।
जम्मू से वैष्णो देवी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जम्मू एयरपोर्ट से सीधे माता वैष्णो देवी धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा मंगलवार से शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश से गए श्रद्धालु ने बताया कि जम्मू से सुबह 11 बजे पहली उड़ान दस मिनट में ही कटरा पहुंच गई। इस सेवा का पहला पैकेज 35 हजार रूपए प्रति व्यक्ति का है। दूसरा 60 हजार रूपए प्रति व्यक्ति का है।
चयन बोर्ड : 5261 पदों पर होगी सीएचओ भर्ती
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कर्मचारी चयन बोर्ड ने मंगलवार को कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर भर्ती की संशोधित विज्ञप्ति जारी की है। भर्ती में पदों की संख्या 5261 हो गई है। नॉन टीएसपी के 4491 और टीएसपी के 770 पद है। इस भर्ती की परीक्षा हो चुकी है और जल्दी ही परिणाम जारी होना है। संविदा आधारित इस भर्ती में अब तक 2 बार पदों की बढ़ोतरी हो चुकी है।