






2022 में हुआ था खराबा, श्रीडूंगरगढ़ में किसान रहे मुआवजे से वंचित, भादू ने उठाई मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2025। वर्ष 2022 में ओलावृष्टि से खराब हुई रबी की फसलों का मुआवजा प्रदेश एवं जिले के किसानों को तो मिल गया, परंतु श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कुल खराबे वाले किसानों में से 25 प्रतिशत से अधिक किसान इस आदान अनुदान से वंचित रह गए थे। ऐसे में उन किसानों को उनका हक दिलवाने के लिए जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू लगातार संघर्षरत है। भादू ने बताया कि 2022 में खराबा होने वाले किसानों को 2023 में आदान अनुदान दिया था लेकिन श्रीडूंगरगढ़ बड़ी संख्या में किसान वंचित रह गए थे। ऐसे में आंदोलन के बाद पात्र वंचित किसानों से 2024 में आवेदन लिए थे, और राज्य सरकार द्वारा बजट भी जारी कर दिया गया था। अब गत 27 जून 2025 को इन किसानों को भुगतान के लिए बिल भी जारी दिया गया है। फिर भी लालफीताशाही के चलते इन किसानों को भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में गुरूवार को भादू ने पुन: राज्य के कृषि मंत्री को ज्ञापन भेजा है एवं त्वरित प्रभाव से किसानों को आदान अनुदान का भुगतान करवाने की मांग की है।
शहीद कालूराम इंदलिया की 121 वीं जयंती समारोह में सामाजिक समरसता की शपथ ली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बादनूं में स्थित शहीद कालूराम स्मृति सामुदायिक भवन में शहीद कालूराम सेवा समिति के बैनर तले शहीद की 121 वीं जयंती समारोह का आयोजन हुआ। समिति अध्यक्ष खुमाराम इंदलिया ने शहीद कालूराम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उनके कार्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई। वार्ड पंच फूसाराम मायल ने शहीद के जीवन प्रसंगों पर चर्चा करते हुए उनके पद चिह्नों पर चलने का आह्वान किया। सचिव गोविंद पंवार ने कहा कि यह हम सब का दायित्व है कि अमर शहीद कालूराम के जीवन संदेश का अधिक से अधिक प्रसार प्रचार करे। प्राचार्य देवाराम इंदलिया ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर देते हुए सामाजिक अस्पृश्यता के अंत की बात कही। कार्यक्रम में दुलाराम, कोजाराम मायल, बुधाराम, मोहनलाल, धर्माराम, चन्दुलाल मायल, नेमाराम मेहरड़ा, बाबूलाल, मांगीलाल भरनावा, यशपाल, राजूराम लोथिया, लालचंद, पूनमचन्द, सेठाराम, सुन्दरलाल, रामनारायण कुमावत, धर्मा घिंटाला, रामनिवास मौजूद रहे। इससे पूर्व अतिथियों व ग्रामीणों ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर पुष्पाजंलि अर्पित की।

चल रहा है चालिहा महोत्सव, हुआ कार्यकर्ताओं का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के झूलेलाल मंदिर में सिंधी समाज द्वारा धूमधाम से झूलेलाल चालिहा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। 40 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के 29वें दिन बुधवार रात्रि को प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अतिथि रूप में मौजूद साध मुकेश द्वारा महोत्सव में सक्रिय कार्यकर्ता मुरलीधर संगवानी, अशोक गुरनाणी, मीनाक्षी मोरवानी, मीडिया प्रभारी रवि रिझवानी को सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में शामिल हुए पत्रकार आरके जोशी, चंदा देवी, पूर्णिमा देवी, संजय चूरा का भी अभिनदंन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व मुरलीधर संगवानी, मोहनलाल खट्टनाणी, किशोर खट्टनाणी, कमल किशोर गुरनाणी आदि ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। मनोज थदानी ने झूलेलाल प्रश्नोत्तरी प्रस्तुत की। झूलेलाल माला, चालिसा, आरती व भोग के बाद प्रसाद वितरण से 29वें दिन का कार्यक्रम पूर्ण हुआ। रवि रिझवानी ने बताया कि चालिहा के 31 वें दिन 15 अगस्त से मोहल्ले में प्रभात फेरी शुरू की जाएगी। यह प्रभात फेरी आगामी 25 अगस्त तक चालिहा के समापन तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे निकाली जाएगी।

15 अगस्त को होगा यूनियन का तहसील सम्मेलन, करेगें चुनाव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन का दूसरा तहसील सम्मेलन 15 अगस्त को सूडसर उपतहसील के अम्बेडकर भवन टेऊ में आयोजित किया जाएगा। तहसील सचिव शेखर रेगर ने बताया कि सम्मेलन में जिला कमेटी से पर्यवेक्षक के रूप में अनिल बारूपाल एवं पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया मुख्य अतिथि रूप में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में खेत मजदूरों की समस्याओं, नरेगा शुरू करवाने, स्मार्ट मीटर बंद करवाने आदि विषयों पर चर्चा कर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी एवं आगामी कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों के चुनाव भी किए जाएंगे।




